संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सुरक्षा परिषद के पांच नये सदस्य चुने

न्यूयॉर्क, 7 जून (आईएएनएस)। डेनमार्क, ग्रीस, पाकिस्तान, पनामा और सोमालिया वर्ष 2025 में दो साल के लिए अस्थायी सदस्य के रूप में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शामिल होंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की गुरुवार को हुई बैठक में इन नये सदस्यों का चयन किया गया। ये इक्वाडोर, जापान, माल्टा, मोजाम्बिक और स्विट्जरलैंड की जगह लेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के तहत सुरक्षा परिषद संयुक्त राष्ट्र की एक मात्र एजेंसी है जिसके पास बाध्यकारी प्रस्ताव पारित करने का अधिकार है।

अमेरिका, चीन, रूस, ब्रिटेन और फ्रांस सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य हैं जिनके पास किसी भी प्रस्ताव को वीटो करने का अधिकार है।

इनके अलावा अन्य 10 अस्थायी सदस्य भी होते हैं, जिन्हें आम सभा द्वारा दो-दो साल के लिए चुना जाता है।

संयुक्त राष्ट्र आम सभा ने कैमरून के प्रधानमंत्री फिलमोंग यांग को एक साल के लिए नया अध्यक्ष चुना है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने कहा कि यांग एक “गौरवान्वित अफ्रीकी हैं जो अपने महादेश के भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके पास काफी अनुभव है”।

उन्होंने कहा, “मैं उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हूं। वह अफ्रीका और विकासशील देशों के लिए न्याय हासिल करने के लिए सदस्य देशों के साथ सर्व स्वीकार्य समाधान पर काम करेंगे।”

–आईएएनएस/डीपीए

एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More