वंदे मातरम् की रचना के 151 साल पूरे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

वंदे मातरम की रचना के 151 वर्ष पूरे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- वंदे मातरम् राष्ट्रीय पहचान, आत्मसम्मान और समर्पण का प्रतीक

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई नेताओं ने शनिवार को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 151 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वंदे मातरम् को बताया राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 151 वर्ष पूरे होने पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई देती हूं। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान, यह गीत देशभक्तों के लिए साहस, एकता और संकल्प का प्रतीक बना। आज भी, यह हमारी राष्ट्रीय पहचान, आत्म-सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को दर्शाता है। मुझे आशा है कि हमारे देशवासी ‘वंदे मातरम्’ में निहित ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना को अपनाएंगे और राष्ट्र-निर्माण में अपना योगदान देंगे।”

ओम बिरला ने बताया राष्ट्रीय चेतना और एकता का प्रतीक

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति श्रद्धा और देशभक्ति का अमर गीत है। यह भारत की राष्ट्रीय चेतना, आत्म-सम्मान और एकता का एक सशक्त प्रतीक है।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत माता के चरणों में समर्पित यह प्रेरणादायी गीत हर भारतीय के हृदय में देश के प्रति असीम प्रेम और देशभक्ति का जज्बा जगाता है।

स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् की रही अहम भूमिका

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा की आवाज है। यह सभी को अपनी मातृभूमि से प्रेम करने, उसके प्रति समर्पित होने और उसकी सेवा करने की प्रेरणा देता है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने लोगों के दिलों में आजादी की भावना जगाई और देश को एकजुट करने में मदद की। भारत माता की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देने वाले वीर क्रांतिकारियों को कोटि-कोटि नमन।

1875 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी रचना

उल्लेखनीय है कि 1875 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह कालजयी गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश भर के लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने वाला बना। विशेष रूप से 1905 के स्वदेशी आंदोलन के समय ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत और एक ऐसा उद्घोष बन गया, जिसने विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष में नई ऊर्जा भर दी।

इस गीत का प्रत्येक शब्द मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, त्याग, समर्पण और गौरव को दर्शाता है। इसने अनगिनत क्रांतिकारियों और देशवासियों को राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देने का साहस दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More