सड़क पर पटाखे फोड़ने से रोका तो एसएसआई की पीट-पीटकर हत्या, तीन गिरफ्तार

एसएसआई सेंथिल कुमार (फाइल फोटो)

थेनी: तमिलनाडु के थेनी जिले में सड़क पर पटाखे फोड़ने से रोकने पर विशेष सहायक उपनिरीक्षक (एसएसआई) सेंथिल कुमार (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदरी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सेंथिल कुमार थेनी जिला पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में लेखक (क्लर्क) के पद पर कार्यरत थे। दीपावली के दिन यानी आठ नवंबर को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह रात में रोजाना की तरह घर लौट रहे थे। इसी दौरान थेनी के समधर्मपुरम इलाके में कुछ युवक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे।

बताया जाता है कि युवक शराब के नशे में थे और सड़क पर पटाखे फोड़कर स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे थे। वहां से गुजर रहे सेंथिल कुमार ने उन्हें सड़क पर पटाखे फोड़ने से मना किया और किसी दूसरी जगह जाकर आतिशबाजी करने की सलाह दी। हालांकि, युवकों ने उनकी बात अनसुनी कर दी और सड़क पर पटाखे फोड़ना जारी रखा।

इसके बाद सेंथिल कुमार ने इस संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। इससे नाराज युवकों ने उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने सोमवार सुबह मामले में संलिप्तता के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदरी ने तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More