गोलीबारी के बाद इजरायल और जॉर्डन सीमा की चौकियां बंद

यरूशलम, 8 सितंबर (आईएएनएस)। इजरायल ने रविवार को घोषणा की कि उसने जॉर्डन के साथ अपनी सभी तीन सीमा चौकियों को बंद कर दिया है। क्योंकि एक सीमा चौकी पर सुबह कथित तौर पर तीन इजरायली सुरक्षा गार्डों की हत्या कर दी गई थी।

इससे पहले रविवार को, इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि एक ड्राइवर एक ट्रक में जॉर्डन की ओर से जॉर्डन और कब्जे वाले वेस्ट बैंक के बीच एक सीमा बिंदु एलएनबी ब्रिज के पास आया। वह अपने वाहन से बाहर निकला और इजरायली सुरक्षा गार्डों पर गोलियां चला दीं। इससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

आईडीएफ ने कहा, हमलावर को इजरायली बलों ने मार गिराया। इजरायल के सरकारी स्वामित्व वाले कान टीवी ने बताया कि प्रारंभिक संकेतों से पता चलता है कि बंदूकधारी जॉर्डन का नागरिक था।

गोलीबारी के बाद, इजरायल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि उसने एलएनबी ब्रिज को बंद कर दिया है, जिसे जॉर्डन में आधिकारिक तौर पर किंग हुसैन ब्रिज के रूप में भी जाना जाता है। साथ ही इजराइल के लाल सागर रिसॉर्ट शहर ईलाट और जॉर्डन के अकाबा के बीच वाडी अरबा क्रॉसिंग या यित्ज़ाक राबिन क्रॉसिंग और इजरायल के बेत शीआन व जॉर्डन के इरबिद के बीच जॉर्डन रिवर क्रॉसिंग या शेख हुसैन ब्रिज को भी बंद कर दिया है।

समाचार एजेंसी श‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बंद करने का काम “सुरक्षा अधिकारियों के निर्देशों” के बाद किया गया। क्रॉसिंग को फिर से खोलने का समय नहीं बताया गया है।

इसके अलावा रविवार को, जॉर्डन के सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय ने दूसरी ओर से शटडाउन के कारण अगली सूचना तक वेस्ट बैंक के साथ किंग हुसैन ब्रिज को बंद करने की घोषणा की।

जॉर्डन की सरकारी पेट्रा समाचार एजेंसी ने निदेशालय के हवाले से कहा कि ब्रिज का यूज करने वाले लोगों को इसका पालन करना चाहिए और यात्रा गतिविधियों में किसी भी बदलाव के बारे में अपडेट रहना चाहिए, जिसकी तुरंत घोषणा की जाएगी।

पेट्रा के अनुसार, जॉर्डन के आंतरिक मंत्रालय ने कथित गोलीबारी की जांच शुरू कर दी है।

–आईएएनएस

एससीएच/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More