सजीब वाजेद ने मोहम्मद यूनुस से पूछा, अराजकता, दंगों और बर्बरता वाली यह कैसी आजादी है?

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश में आरक्षण के मुद्दे पर हुई हिंसा और उसके बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद देश में आए राजनीतिक संकट पर उनके बेटे सजीब वाजेद ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी चिंता प्रकट की।

साथ ही देश के अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने जा रहे नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस से सरकार संचालन और शेख हसीना की सरकार को लेकर भी उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा, “आज वह मुक्ति के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन यह किस तरह की मुक्ति है? अराजकता, दंगों और बर्बरता के लिए मुक्ति? क्या यह वही आजादी है जो बांग्लादेश चाहता है? अगर उन्हें लगता है कि लोग यही चाहते हैं और सब कुछ ठीक है, तो उनको इसके लिए शुभकामनाएं।”

वह आगे कहते हैं, “उन्हें कार्यभार संभालने दीजिए और साबित करने दीजिए। हम जल्द ही परिणाम देखेंगे।”

बता दें, नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस बृहस्पतिवार (8 अगस्त) को बांग्लादेश की आंतरिक सरकार के प्रधानमंत्री के तौर पर रात 8 बजे शपथ लेंगे। वो पेरिस से बांग्लादेश लौट रहे हैं। सेना प्रमुख के मुताबिक गुरुवार को वह पेरिस से ढाका लौट रहे हैं। उनके लौटने के बाद आंतरिक सरकार का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।

आरक्षण के मुद्दे पर हिंसा से फैली अशांति के बीच पीएम शेख हसीना के इस्तीफे के बाद आंतरिक सरकार का गठन किया जा रहा है। बांग्लादेश में सोशल एक्टिविज्म के लिए मशहूर और ग्रामीण बैंक के संस्थापक मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगे।

इससे पहले बांग्लादेश की एक अदालत ने कार्यभार संभालने से ठीक एक दिन पहले ही श्रम कानून उल्लंघन मामले में यूनुस की सजा को भी पलट दिया है। जिसके बाद बांग्लादेश वापस आना उनके लिए सुरक्षित हो गया है।

–आईएएनएस

पीएसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More