पोलैंड में बारिश का कहर, एक की मौत, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

वारसॉ, 15 सितंबर (आईएएनएस)। पोलैंड में लगातार बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यह जानकारी प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह तक लगातार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ के कारण दक्षिणी पोलैंड के क्लोडज्को शहर से 1,600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

मूसलाधार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर, खासकर ओपोल और सिलेसिया जैसे क्षेत्रों में, खतरनाक स्तर से ऊपर चला गया।

व्रोकला में स्थानीय जल प्रबंधन प्राधिकरण को आशंका है कि अगले मंगलवार को ओडर नदी में बाढ़ चरम पर होगी, जो कई दिनों तक जारी रहेगी।

टस्क ने चेतावनी दी कि लोगों को सुरक्षित निकालने में देरी से ना केवल नागरिकों को खतरा हो सकता है, बल्कि, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने वालों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

पोलिश प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अब, केवल बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद और राज्य की कार्रवाई ही मायने रखती है। जो लोग मदद कर सकते हैं, वे मदद करें, जो नहीं कर सकते, वे दिक्कत पैदा ना करें। राजनीति को एकजुटता के लिए रास्ता देना चाहिए।”

अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि स्थिति और भी खराब हो सकती है। इसके बाद ओपोल क्षेत्र के जार्नोल्टोवेक और पोकर्जिवना कस्बों में लोगों ने शनिवार से ही घर खाली करना शुरू कर दिया था।

दक्षिण-पश्चिमी पोलैंड में कारकोनोज़े नेशनल पार्क के निदेशक ने अगले आदेश तक सभी पर्यटक रास्तों को बंद करने का फैसला किया है।

हाइड्रोलॉजिकल अलर्ट को अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ा दिया गया है, जहां बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है, सड़कें बंद हैं और रेल सेवाएं रुकी हुई हैं।

–आईएएनएस

एमके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More