राष्ट्रपति मुर्मू ने न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल, उप प्रधानमंत्री के साथ की द्विपक्षीय वार्ता

वेलिंगटन, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू न्यूजीलैंड की यात्रा पर हैं। उन्होंने गुरुवार को न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो और उप प्रधानमंत्री विंस्टन पीटर्स से मुलाकात की।

उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों और उन्हें मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू और गवर्नर जनरल किरो ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंधों की सराहना की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। उप प्रधानमंत्री और न्यूजीलैंड के विदेश मामलों के मंत्री विंस्टन पीटर्स ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन को भी संबोधित किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत शैक्षिक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों में शैक्षिक आदान-प्रदान के महत्व पर कहा, “भारत और न्यूजीलैंड के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, जो लोकतंत्र और कानून के शासन के साझा मूल्यों पर आधारित है। हमारे समृद्ध सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच मजबूत संबंध हैं।”

न्यूजीलैंड में भारतीय छात्रों की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, “लगभग 8,000 भारतीय छात्र न्यूजीलैंड में पढ़ रहे हैं, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय छात्रों का दूसरा सबसे बड़ा समूह बन गए हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।”

उन्होंने कहा, ”न्यूजीलैंड अनुसंधान और नवाचार, समावेशिता और उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान देने के साथ अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए प्रसिद्ध है। न्यूजीलैंड शिक्षा सम्मेलन, शिक्षा में जारी सहयोग को मजबूत करने और सहयोग के नए क्षेत्रों की खोज करने का एक शानदार अवसर प्रदान करता है।”

राष्ट्रपति बुधवार को अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में न्यूजीलैंड पहुंचीं। गवर्नमेंट हाउस में गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक माओरी ‘पॉविरी’ समारोह और रॉयल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो के निमंत्रण पर देश का दौरा कर रही राष्ट्रपति मुर्मू का ऑकलैंड हवाई अड्डे पर न्यूजीलैंड के कृषि, व्यापार मंत्री और विदेश मामलों के एसोसिएट मंत्री टॉड मैकले ने स्वागत किया।

न्यूजीलैंड के बाद, राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के निमंत्रण पर 10 अगस्त को तिमोर-लेस्ते का दौरा करेंगी। यह भारत से तिमोर-लेस्ते की पहली राष्ट्राध्यक्ष यात्रा होगी।

–आईएएनएस

एसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More