लेबर पार्टी के स्टार्मर ने दी विक्ट्री स्पीच, कहा- आपने हमारे देश को बदल दिया

लंदन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के निवर्तमान प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के हार स्वीकार करने के कुछ क्षण बाद, लेबर पार्टी के नेता स्टार्मर ने मध्य लंदन में विक्ट्री स्पीच दी। अपने समर्थकों के बीच स्टार्मर बोले, “वास्तव में धन्यवाद… आपने हमारे देश को बदल दिया है।”

समर्थकों का उत्साह बढ़ाते हुए स्टार्मर ने कहा, आपने इसके लिए प्रचार किया, संघर्ष किया, मतदान किया और अब वो दिन आ गया है। बदलाव अब शुरू होता है। साढ़े चार साल पार्टी बदलने का काम हमने किया। यह इसी के लिए है – एक बदली हुई लेबर पार्टी जो हमारे देश की सेवा करने के लिए तैयार है, ब्रिटेन को कामकाजी लोगों की सेवा में बहाल करने के लिए तैयार है।

स्टार्मर बोले, हमारे देश के लोग इस खबर को सुनकर आज जाग रहे होंगे – राहत महसूस कर रहे होंगे कि एक बोझ हटा लिया गया है, इस महान राष्ट्र के कंधों से अंततः एक बोझ हटा दिया गया है।

61 वर्षीय स्टार्मर ने जनादेश को जिम्मेदारियों का पर्याय बताया। उन्होंने कहा, इस तरह का जनादेश बड़ी जिम्मेदारियों के साथ आता है। देश पहले आता है और पार्टी दूसरे पायदान पर। विजयी भाषण में स्टार्मर ने कहा, “आज हम अगला अध्याय शुरू करते हैं – बदलाव का काम शुरू करते हैं, राष्ट्रीय नवीनीकरण का मिशन और अपने देश का पुनर्निर्माण शुरू करते हैं।”

स्टार्मर ने अपने भाषण में राजनीति को एक इम्तेहान बताया। कहा, आप जो भी हैं, जहां से भी हैं अगर नियमों के हिसाब से चलते हैं तो देश आपको सही मौका जरूर देगा। हमें आपके योगदान को सम्मान देना होगा और उसे बरकरार भी रखना होगा। इसके साथ ही, हमें राजनीति को सार्वजनिक सेवा में लौटाना होगा, यह दिखाना होगा कि राजनीति भलाई का काम करने की ताकत भी रखती है। कोई गलती न करें, इस युग में ये राजनीति की सबसे बड़ी परीक्षा है – विश्वास की वह लड़ाई जो हमारे युग को परिभाषित करती है।

स्टार्मर ने आगे कहा, यही कारण है कि हमने यह प्रदर्शित करने के लिए इतनी मेहनत से अभियान चलाया कि हम सार्वजनिक सेवा के लिए उपयुक्त हैं। सेवा आशा की पहली शर्त है, उस बंधन का सम्मान करें जो देश को एकजुट कर सकता है।

लेबर पार्टी के नेता ने आगे कहा- आज सुबह, हम देख सकते हैं कि ब्रिटिश लोगों ने 14 वर्षों के पन्ने को पलटने के लिए मतदान किया है, लेकिन यह दिखावा न करें कि इसमें कुछ भी अपरिहार्य था – राजनीति में कुछ भी पूर्व-निर्धारित नहीं है। चुनावी जीत आसमान से नहीं गिरती। इसे कड़ी मेहनत से जीता गया है और कड़ी लड़ाई लड़ी गई है। यकीन मानें इसे केवल एक बदली हुई लेबर पार्टी ही जीत सकती थी।

स्टार्मर ने अपने भाषण में वादा किया कि वो बदली हुई सोच के साथ काम करेंगे। बोले, हम एक बदली हुई लेबर पार्टी के रूप में चले और हम एक बदली हुई लेबर पार्टी के रूप में शासन करेंगे। मैं आपसे यह वादा नहीं करता कि यह आसान होगा। किसी देश को बदलना स्विच को चलाने जैसा नहीं है। यह कड़ी मेहनत, धैर्यपूर्वक काम, दृढ़ संकल्प है और हमें तुरंत आगे बढ़ना होगा।

बता दें, स्टार्मर ने मध्य लंदन में होल्बोर्न और सेंट पैनक्रास की अपनी सीट जीती। 5 जुलाई को 650 सीटों वाले हाउस ऑफ कॉमन्स में लेबर ने 326 के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। इसके बाद ऋषि सुनक ने हार स्वीकार कर ली।

सुनक ने अपनी हार मानते हुए समर्थकों और कार्यकर्ताओं से कहा मुझे माफ कर दीजिएगा। सुनक ने तय समय से पहले चुनाव कराने का आह्वान करके कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया था। उनकी पार्टी जनमत सर्वेक्षणों में लेबर से 20 अंक पीछे थी। लेकिन उनका (सुनक) मानना ​​था कि पिछले चुनावों की तरह यह नतीजे पलट जाएंगे।

–आईएएनएस

केआर/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More