हमास नेता हनीयेह की हत्या के बाद तेल अवीव में तुर्की का झंडा आधा झुकाए जाने पर इजराइल भड़का

तेल अवीव, 2 अगस्त (आईएएनएस)। तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनीयेह की हत्या के बाद तेल अवीव में तुर्की दूतावास में तुर्की के झंडे को आधा झुकाए जाने पर इजराइल भड़क गया है। इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल कैट्ज ने शुक्रवार को अपने मंत्रालय को देश में तुर्की के उप राजदूत को बुलाकर कड़ी फटकार लगाने का आदेश दिया।

कैट्ज ने शुक्रवार दोपहर को एक पोस्ट में कहा,”इजराइल इस्माइल हनीयेह जैसे हत्यारे के लिए शोक की अभिव्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगा, जिसने पिछले साल सात अक्टूबर को इजराइल पर हमला करने में हमास का नेतृत्व किया और अपने सहयोगियों के साथ टेलीविजन पर भयानक तस्वीरें देखते हुए हत्यारों की सफलता की कामना की।”

उन्होंने कहा, “यदि दूतावास के प्रतिनिधि शोक मनाना चाहते हैं, तो उन्हें तुर्की जाना चाहिए और अपने राष्ट्रपति एर्दोगन के साथ शोक मनाना चाहिए, जो आतंकवादी संगठन हमास को गले लगाते हैं और उसकी आतंकी गतिविधियों का समर्थन करते हैं।”

तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने गुरुवार को हमास के राजनीतिक ब्यूरो प्रमुख हनीयेह की हत्या पर दो अगस्त को “राष्ट्रीय शोक” घोषित किया।

एर्दोगन ने कहा, “फिलिस्तीनी मुद्दे के प्रति अपना समर्थन दिखाने और अपने फिलिस्तीनी भाई-बहनों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए, हमास के राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख इस्माइल हनीयेह की शहादत के कारण कल (दो अगस्त शुक्रवार) राष्ट्रीय शोक का दिन घोषित किया गया है।”

तेल अवीव में तुर्की दूतावास ने भी हमास समर्थकों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए अपने दूतावास में राष्ट्रीय ध्वज को झुका दिया था। हनीयेह की हत्या उनके एक अंगरक्षक के साथ तेहरान में उनके आवास पर उस समय कर दी गई, जब वे मंगलवार को ईरान के नव निर्वाचित राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ईरान की राजधानी तेहरान में थे।

उधर, तुर्की ने अपने देश में इंस्टाग्राम पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। तुर्की डिजिटल सूचना और संचार नियामक प्राधिकरण (बीटीके) ने शुक्रवार को प्रतिबंध की घोषणा की।

बीटीके प्रमुख फहरेटिन अल्तुन ने इंस्टाग्राम पर तुर्की के नागरिकों को हमास नेता इस्माइल हनीयेह के निधन पर शोक संदेश पोस्ट करने से रोकने का आरोप लगाया था।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More