चीन: तूफान ‘बेबिंका’ ने शंघाई में दस्तक दी, भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी

शंघाई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। तूफान ‘बेबिंका’ ने सोमवार को शंघाई में दस्तक दी। शंघाई केंद्रीय मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार, तूफान स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 7.30 पर शहर में पहुंचा।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, तूफान पुडोंग जिले में लिंगांग क्षेत्र के तट पर पहुंचा। तूफान के केंद्र के पास अधिकतम हवा का बल 42 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गया।

माना जा रहा है कि ‘बेबिंका’ 75 वर्षों में शंघाई में आने वाला सबसे शक्तिशाली तूफान है।

राज्य बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने रविवार को पूर्वी चीन के अनहुई प्रांत के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया के लेवल-4 को सक्रिय कर दिया जबकि शंघाई और झेजियांग में प्रतिक्रिया को लेवल-3 तक बढ़ा दिया।

वहीं चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने शंघाई, जियांग्सू, झेजियांग और अनहुई प्रांतों में बाढ़ के मद्देनजर लेवेल-4 आपातकालीन प्रतिक्रिया जारी की।

मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि तूफान ‘बेबिंका’ के कारण चीन के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है और क्षेत्र की कुछ मध्यम एवं छोटी नदियों का जल स्तर चेतावनी लेवल से अधिक हो सकता है।

मंत्रालय ने प्रभावित क्षेत्रों में छोटी और मध्यम आकार की नदियों और पहाड़ी झरनों में बाढ़ की रोकथाम पर जोर दिया।

चीन में बाढ़ नियंत्रण के लिए चार-स्तरीय आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली है, जिसमें लेवल-1 सबसे गंभीर है।

–आईएएनएस

एमके/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More