एल फशर पर अर्धसैनिक बलों का हमला नाकाम, दुश्मन को हुआ भारी नुकसान : सूडानी सेना

खार्तूम, 11 अगस्त (आईएएनएस) सूडानी सशस्त्र बल (एसएएफ) ने घोषणा की है कि उसने पश्चिमी सूडान में उत्तरी दारफुर राज्य की राजधानी एल फशर पर अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, एसएएफ के प्रवक्ता नबील अब्दुल्ला ने एक बयान में कहा, “आज हमारी सेना ने मिलिशिया के एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया और उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया।”

अपनी ओर से, दारफुर क्षेत्र में सशस्त्र आंदोलनों की संयुक्त सेना, जो एसएएफ से संबद्ध है, उसने आरएसएफ का जिक्र करते हुए एक बयान में कहा कि शनिवार को एल फशर में हुई भीषण जंग में दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया।

एल फशर में अर्धसैनिक बलों के खिलाफ लड़ रही समितियों के हवाले से बताया गया कि झड़प छह घंटे तक चली थी।

फेसबुक पेज पर एक बयान में कहा गया, “संघर्ष अपेक्षाकृत रूप से रुक गए हैं, लेकिन आरएसएफ मिलिशिया से बाजारों, अस्पतालों और नागरिकों के घरों पर गोलाबारी जारी है। नागरिकों के घायल होने की खबरें आ रही हैं।”

बता दें कि आरएसएफ की तरफ से हुए इस हमले के संबंध में कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है। एल फशर में बीते 10 मई से एसएएफ और आरएसएफ के बीच भीषण झड़प हो रही हैं।

सूडान में 15 अप्रैल, 2023 से एसएएफ और आरएसएफ के बीच खूनी संघर्ष चल रहा है, जिसके कारण अभी तक कम से कम 16,650 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सूडान में अनुमानतः 10.7 मिलियन लोग विस्थापित हैं, जबकि लगभग 2.2 मिलियन अन्य लोग पड़ोसी देशों में शरण ले रहे हैं।

–आईएएनएस

एसएम/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More