आइसलैंड में बर्फ की गुफा ढहने से एक की मौत, दो लापता

हेलसिंकी, 26 अगस्त (आईएएनएस) दक्षिण-पूर्वी आइसलैंड के वत्नाजोकुल राष्ट्रीय उद्यान में बर्फ की गुफा ढहने से एक पर्यटक की मौत हो गई और अन्य दो लापता हैं।

आइसलैंड की रेडियो आरयूवी के अनुसार, यह बर्फ की दीवार उस समय ढही जब 25 लोगों का एक समूह गुफा में घूमने गया था। इसमें चार लोग पीछे रह गए और बर्फ में दब गए। बचाव दल उनमें से दो को बचाने में सफल रहा, जिनमें से एक की मौत हो गई। बचाए गए दूसरे व्यक्ति की हालत अभी स्थिर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरयूवी ने बताया, ” बर्फ के नीचे फंसे दो अन्य व्यक्तियों की तलाश असुरक्षित स्थिति के चलते अभी राेक दी गई है। गुफा में लापता दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, उनके बारे में यह भी जानकारी नहीं है कि वे जीवित हैं या नहीं।”

समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि यह घटना आइसलैंड की राजधानी रेक्जाविक से लगभग 280 किमी पूर्व में स्थित राष्ट्रीय उद्यान के दक्षिणी भाग में एक आउटलेट ग्लेशियर ब्रेडामेरकुरजोकुल में हुई है।

वत्नाजोकुल राष्ट्रीय उद्यान देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उद्यान है, जो अपने विशाल ग्लेशियरों, बर्फ की गुफाओं और विविध परिदृश्यों के लिए प्रसिद्ध है।

–आईएएनएस

एमकेएस/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More