इंग्लिश चैनल पार करने की कोशिश में डूबी प्रवासी नाव, आठ लोगों की मौत

पेरिस, 15 सितंबर (आईएएनएस)। फ्रांस से ब्रिटेन जाने की कोशिश में इंग्लिश चैनल को पार करते समय एक प्रवासी नाव डूब गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई।

बीबीसी ने फ्रांसीसी पुलिस के हवाले से बताया कि बचाव दल को तब सूचित किया गया जब 50 लोगों को लेकर फ्रांसीसी तट से रवाना हुई नाव डूबने लगी। स्थानीय समयानुसार रात करीब एक बजे पास-डी-कैलाइस में बोलोग्ने-सुर-मेर के उत्तर में नाव को पानी में परेशानी का सामना करना पड़ा।

फ्रांसीसी तटरक्षक बल ने कहा कि नाव को एम्बलेट्यूज शहर के समुद्र तट की ओर जाते देखा गया था, लेकिन बचाव दल समुद्र से सहायता नहीं दे सका।

तटरक्षक बल ने बताया कि समुद्र तट पर आपातकालीन सेवाओं ने 53 लोगों की देखभाल की और आठ लोगों की मौत की पुष्टि की। समुद्र में खोजबीन के दौरान कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला।

बोलोग्ने-सुर-मेर लोक अभियोजक कार्यालय की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दो सप्ताह से भी कम समय पहले एक अन्य प्रवासी नाव डूब गई थी। हादसे में छह बच्चों और एक गर्भवती महिला सहित 12 लोगों की मौत हुई थी। यह इस वर्ष इंग्लिश चैनल में घटी सबसे घातक घटना थी।

इस दुखद घटना की ब्रिटेन सरकार के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी अधिकारी प्रतिक्रिया और जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।

बीबीसी के अनुसार, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने और जानमाल की हानि पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मानव तस्करी में शामिल आपराधिक गिरोहों से निपटने के लिए यूरोपीय देशों को साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।

यह त्रासदी ऐसे समय में घटित हुई है, जब मौसम की स्थिति में सुधार की वजह से चैनल पार करने की कोशिशों में बढ़ोतरी हुई है।

पिछले दो दिनों में, फ्रांसीसी समुद्री अधिकारियों ने कई अभियानों में लगभग 200 लोगों को बचाया है। तटरक्षक बल और अन्य बचावकर्मियों ने चार नावों से लोगों को बचाया, जिनमें से प्रत्येक में 36 से 61 लोग सवार थे।

संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, इस साल अब तक चैनल में 45 लोगों की मौत हो चुकी है, जो 2021 के बाद से सबसे ज़्यादा है।

2024 में 21,000 से ज़्यादा लोग चैनल पार कर चुके हैं।

–आईएएनएस

एमके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More