रूसी सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन को आगे बढ़ने से रोका

मास्को, 9 अगस्त (आईएएनएस)। यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसे रूसी सेना ने नाकाम कर दिया है और उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इसकी जानकारी रूसी रक्षा मंत्रालय ने दी है।

मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, “रूसी सेना ने यूक्रेनी सेना के हमले को रोकने के लिए अपनी सीमा रक्षा इकाइयों को तैनात किया, और हवाई हमले, मिसाइल हमले और तोपखाने की मदद से यूक्रेनी सेना को आगे बढ़ने से रोका।”

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कुर्स्क में ज्यादा अंदर तक घुसने की अलग-अलग इकाइयों की कोशिशों को विफल कर दिया गया, और सुमी क्षेत्र में यूक्रेनी रिजर्व बलों के खिलाफ हवाई हमले किए गए।

रूसी मंत्रालय के अनुसार, “रूसी सेना और सुरक्षा बल यूक्रेनी सेना के उन समूहों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं जो कुर्स्क क्षेत्र के सुद्जा और कोरेनेवो जिलों में मौजूद हैं।”

”कुर्स्क क्षेत्र में कीव के बड़े पैमाने पर हमले की शुरुआत से, यूक्रेन की सेना को भारी नुकसान हुआ है। 660 सैनिक मारे गए हैं और 82 टैंक और भारी हथियार बर्बाद हो गए हैं।”

कुर्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक उप-राज्यपाल आंद्रेई बेलोस्टोस्की ने गुरुवार को कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेनी सेना को आगे बढ़ने से रोक दिया है।

उन्होंने कहा, “आज सुबह से, हमारे एयरोस्पेस बल और हमारी सेना सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। दुश्मन एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पाया है और… पीछे हट रहा है।”

उन्होंने बताया, “दुश्मन के हथियार और लड़ाकू बलों को सक्रिय रूप से नष्ट किया जा रहा है।”

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक में, कुर्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर एलेक्सी स्मिरनोव ने कहा कि सभी लोगों को सक्रिय रूप से क्षेत्र से निकाला जा रहा है और आवश्यक सहायता प्राप्त की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हमलों के बाद पांच लोगों की मौत हो गई है, और कुल 34 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं।

यूक्रेन ने स्थानीय समयानुसार गुरुवार सुबह 8 बजे रूस के कुर्स्क क्षेत्र में रक्षा ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमला किया।

रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को यूक्रेन की 22वीं मैकेनाइज्ड ब्रिगेड के 300 से अधिक सैनिकों ने 11 टैंकों और 20 से अधिक बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों के साथ निकोलाएवो-दारिनो और ओलेशन्या की बस्तियों के पास रूसी सीमा सुरक्षा चौकियों पर हमला किया।

–आईएएनएस

पीके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More