पिछले 8 महीनों में बिजली गिरने से कंबोडिया में 50 लोगों की मौत

नोम पेन्ह, 7 सितंबर (आईएएनएस)। कंबोडिया के आपदा प्रबंधन के प्रवक्ता ने बताया कि 2024 के पहले आठ महीनों में कंबोडिया में बिजली गिरने से 50 लोगों की मौत हो गई है। पिछले साल (2023) इसी अवधि में 64 लोगों की मौत हुई थी।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति (एनसीडीएम) के प्रवक्ता सोथ किम कोलमोनी ने बताया कि इस वर्ष जनवरी-अगस्त की अवधि में हुई मौतों के अलावा इसमें 43 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक प्रभावित प्रांतों में सिएम रीप, बट्टामबांग, प्रे वेंग, त्बोंग खमम और बंटेय मींचे थे।

उन्होंने सिन्हुआ को बताया, “बिजली गिरने के खतरों से बचने के लिए ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को तूफान या बारिश होने पर अपने घरों में ही रहना चहिए।”

प्रवक्ता के अनुसार, बिजली गिरने के अलावा इस साल के पहले आठ महीनों के दौरान तूफान ने चार लोगों की जान ले ली, जिसमें 32 अन्य घायल हुए। इसके साथ ही इस तूफान से 482 घर ढह गए।

सोमवार को एशियाई देशों ने आपदा जोखिम को कम करने के लिए (2024-2028) राष्ट्रीय कार्य योजना शुरू की, जिसका उद्देश्य लोगों, अर्थव्यवस्था और समाज पर आपदाओं के प्रभाव को कम करना है।

वरिष्ठ मंत्री और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति के पहले उपाध्यक्ष कुन किम ने राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “यह कार्ययोजना एक ऐसा रास्ता है जो हमें एक सुरक्षित और मजबूत समुदाय बनाने में मदद करेगी। इससे हमारा देश विकास की ओर बढ़ेगा और हमारा लक्ष्य है कि लोगों की जानें, आर्थिक नुकसान और बुनियादी ढांचे को होने वाला नुकसान कम हो।”

–आईएएनएस

एमकेएस/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More