“जेल का ताला टूट गया, हेमंत सोरेन छुट्ट गया” सोशल मीडिया पर ‘आदिवासी शेर’ वापस आया के दावे

रांची: झारखंड के सियासी गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच पूर्व सीएम हेमंत को झारखंड हाईकोर्ट ने भुंइहरी मामले में जमानत प्रदान कर दिया और इसके साथ ही सोशल मीडिया पर ‘शेर की वापसी’ जैसे दावों की भरमार हो गयी. झामुमो ने अपने चिरपरिचित अंदाज में इस बात का दावा किया  “सत्य कभी भी परास्त नहीं हो सकता, आज माननीय उच्च न्यायालय ने एक आदिवासी शेर दिल पूर्व मुख्यमंत्री को जमानत दे दी, जेल का ताला टूट गया, हेमंत सोरेन छूट गया”.  कांग्रेसी विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक्स पर लिखा “सत्यमेव जयते! लोकतंत्र की हत्या करने के केंद्र सरकार के एक और सपने को आज उच्चतम न्यायलय ने तोड़ दिया। झारखंड उच्च न्यायालय ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी को ज़मीन घोटाले के मामले में ज़मानत देकर ये साबित कर दिया है कि झूठ कितना भी ज़ोर से बोला क्यों ना जाए सत्य के आगे उसे झुकना ही पड़ता है, पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। महागामा में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर एक दूसरे को गुलाल लगाकर इस फ़ैसले का स्वागत किया है”

विधान सभा चुनाव तक सूबे की कमान चंपाई सोरेन के हाथ में 

तो इसके साथ ही हेमंत सोरेन की एक बार फिर से ताजपोशी के दावे भी सामने आने लगे. जबकि दूसरी ओर झामुमो को पहले ही इस बात का दावा कर चुकी कि हेमंत सोरेन की रिहाई से चंपाई सोरेन की कुर्सी पर कोई खतरा नहीं मंडरानेजा रहा. आगामी विधान सभा चुनाव तक सूबे की कमान चंपाई सोरेन के हाथ ही में रहेगी, जबकि हेमंत सोरेन झारखंड में इंडिया गठबंधन का चेहरा होंगे. झारखंड के साथ ही देश के अन्य राज्यों से भी हेमंत सोरेन के जमानत को एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश किया जा रहा है. ममता बनर्जी से लेकर अखिलेश यादव, तेजस्वी से लेकर राहुल गांधी इसे असत्य पर सत्य की विजय मान रहे हैं.

हेमंत सोरेन की उपस्थिति में मंत्रिमंडल विस्तार

दरअसल कभी कल्पना सोरेन की ताजपोशी तो कभी हेमंत की वापसी का दावा कर भाजपा की कोशिश चंपाई सोरेन के साख पर सवाल खडा करने की है. लेकिन इससे उलट झामुमो की रणनीति चंपाई सोरेन को अपना सबसे अनुभवी नेता के तौर पर प्रस्तूत करते हुए विधान सभा चुनाव तक उन्हे सूबे के मुखिया के पद पर बैठाये रखने की है. झामुमो को रणनीतिकारों को इस बात का एहसास हो चुका था कि इस हफ्ते किसी भी वक्त हेमंत की रिहाई हो सकती है, और शायद मंत्रिमंडल विस्तार में देरी के पीछे भी एक वजह यही थी, और अब जब हेमंत सोरेन की वापसी हो गयी है, तो चंद दिनों में हेमंत सोरेन  की उपस्थिति में मंत्रिमंडल को  विस्तार दिया जा सकता है.

भाजपा की उम्मीदों को बड़ा झटका

निश्चित रुप से विधान सभा चुनाव के पहले हेमंत सोरेन को जमानत मिलना, भाजपा की उम्मीदों पर एक बड़ा झटका है. क्योंकि विधान सभा चुनाव में भले ही भाजपा को आदिवासी बहुल सभी सीटों से सफाया का सामना करना पड़ा हो, लेकिन गैर आदिवासी बहुल सीटों पर वह कमल खिलाने से कामयाब रही थी, इसका एक बड़ा कारण कांग्रेस के द्वारा प्रत्याशी चयन में की गयी भूल थी, और इसके साथ ही कल्पना सोरेन एक बड़ा चेहरा बन कर जरुर सामने आयी, लेकिन हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में बूथ मैनेंजमेंट उस स्तर का नहीं हुआ, जो हेमंत सोरेन के नेतृत्व में होता था. कई बार तो कांग्रेस और दूसरे घटक दलों की मनमर्जी भी देखी गयी, लेकिन अब हेमंत सोरेन सामने होंगे, भाजपा के एक-एक कदम और रणनीति पर नजर होगी, कांग्रेस और दूसरे घटक दलों के लिए अपनी मनमर्जी करना आसान नहीं होगा. कल तो भाजपा सिर्फ एक हेमंत से टकराती  थी, विधान सभा चुनाव में उसके सामने कल्पना से टकराने की भी अतिरिक्त  चुनौती  होगी. और सबसे बड़ी बात जिस भ्रष्टाचार के नैरेटिव को वह गढ़ने की कोशिश कर रही थी, इस जमानत के साथ ही उसकी वह नैरेटिव भी कमजोर पड़ती दिखलायी देगी. इस हालत में गैर आदिवासी सीटों पर भी भाजपा को बेहद मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ा सकता है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More