उत्पाद सिपाही की दौड़ में एक और युवक की गयी जान
रांची: उत्पाद सिपाही की दौड़ में शामिल एक और युवक की मौत हो गयी है. मृतक की पहचान 25 वर्षीय दीपक कुमार पासवान के रूप में हुई है. वह पलामू जिला के पांडु थाना क्षेत्र के वृद्धखैरा गांव का रहने वाला था. दीपक के परिजनों के अनुसार, 28 अगस्त को सुबह 10 से 11 बजे की बीज चियांकी हवाई अड्डा पलामू में दीपक की दौड़ थी. दीपक ने 9 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली थी. दसवें किलोमीटर पूरी करने के क्रम में वह बेहोश हो गया और गिर गया. पुलिस ने दीपक को उठाकर सदर अस्पताल डाल्टनगंज में भर्ती करा दिया.
यह बात दीपक के भाई को पता चला तो सदर अस्पताल से उसे एसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर डॉक्टर रोहित पांडे एवं अन्य डॉक्टरों ने दो दिन तक दीपक का इलाज किया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ तो दीपक को रांची के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. मृतक के परिजनों ने 30 अगस्त 2024 को दीपक को मेदांता हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया था. 2 सितंबर की सुबह दीपक कुमार पासवान को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
