ऊंची पहुंच और पैरवी के बल पर दस साल से जमें हैं ग्रामीण कार्य विभाग में बिपिन बाबू, राज्यपाल व सीएम से होगी लिखित शिकायत

चाईबासा: कौन है बिपिन कुमार जिसे ठेकेदार और अभियंता बिपिन बाबु कह कर बुलाते हैं। हां, यह वही बिपिन कुमार हैं जो अपनी ऊंची पहुंच और पैरवी के बल पर लगातार दस साल से ग्रामीण कार्य विभाग में जमे हुए हैं। यह वही बिपिन कुमार हैं जिनके संजीव कुमार लाल के वसूली अभियान में शामिल होने की बात कही जा रही है, जो अब तक ईडी के पकड़ से बाहर हैं। बिपिन कुमार की अहमियत इसलिए भी विभाग में और पदाधिकारियों से अधिक है क्योंकि अभियंता के स्थापना, टाईम एक्सटेंशन, योजना और विशेष कर जेएसआरआरडीए में निविदा कार्य के लिए वे प्रतिनियुक्ति में हैं। कार्मिक विभाग में बिपिन कुमार की पहुंच और चलती का यह आलम है कि अपने इच्छानुसार दस साल से ग्रामीण कार्य विभाग में अपना राजपाट चला रहें हैं।
सूत्रो की मानें तो कार्मिक विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी और पदाधिकारी को मैनेज कर वे दस साल से अधिक समय से कार्यरत हैं। जब भी ट्रासंफर-पोस्टिंग का फाइल बढ़ता है तो बिपिन कुमार धन वर्षा कर रुकवा लेते हैं। सूत्रों की मानें तो बिपिन कुमार का टेंडर प्रक्रिया और टाईम एक्सटेंशन में बड़ी भूमिका रहती है। बिपिन कुमार जेल में बंद विभाग के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम और संजीव कुमार लाल के सबसे नजदीकी के रूप में जाने जाते थे। सूत्रों के अनुसार एक सामाजिक संगठन के द्वारा जल्द ईडी कार्यालय में बिपिन कुमार का सारा कार्यकलाप और भूमिका की जानकारी दी जाने वाली है।
चर्चा यह भी है कि बिपिन कुमार पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया जा सकता है। मालूम हो कि करोडों के कैश कांड में ईडी द्वारा पकड़े गए संजीब कुमार लाल ने बिपिन कुमार को विभाग का सर्वे सर्वा बना दिया था। बिपिन कुमार और विभाग के चर्चित संयुक्त सचिव रंजित रंजन प्रसाद की गहरी सांठ गांठ से विभाग में एक छत्र राजपाट चलाया जा रहा है। हां यह वही रंजीत रंजन प्रसाद हैं जिसकी चर्चा जोरों पर है। बिपिन कुमार की हैसियत यह है कि झारखंड के दिग्गज नेता, अभियंता, पदाधिकारी सब नतमस्तक रहते हैं। अब भी ग्रामीण कार्य विभाग में पूर्व की तरह टेंडर मैनेज और वसूली अभियान चलने से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस बाबत महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री से लिखित शिकायत होगी साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की भी मांग होगी।
