महिला पुलिस अधिकारियों का राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन 23 व 24 अगस्त को
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में झारखंड पुलिस के द्वारा 23 एवं 24 अगस्त को JAP-01 डोरंडा, राँची के शौर्य सभागार में दो दिवसीय महिला पुलिस अधिकारियों का राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस आलोक में आज पुलिस हेड क्वार्टर, धुर्वा में बैठक हुई. बैठक में महिला पुलिस अधिकारियों के राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में निम्न बातों का लिया गया निर्णय:
• सम्मेलन हेतु Theme “महिला पुलिस-सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान” रखा गया है.
• सम्मेलन में झारखण्ड राज्य के 200 से अधिक डेलिगेट्स भाग लेंगे, जिसमें राज्य के सभी जिला व ईकाइ से आरक्षी, हवलदार, सहायक पुलिस निरीक्षक, अवर निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक सम्मिलित होंगे.
• हाल के दिनों में महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. महिला पुलिसकर्मियों के सहयोग से अपराध नियंत्रण, महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम व समाज में सुरक्षा की भावना उत्पन्न होता दिख रहा है. इसके लिए राज्य के सभी जिलों में महिला थाना का सृजन किया गया है, जहाँ महिलाएँ अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को निर्भीक होकर महिला पुलिस पदाधिकारी/कर्मियों को अवगत करा रही हैं, जिसका उनलोगों द्वारा संवेदनापूर्वक निराकरण किया जा रहा है.
• भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 (BNSS) की धारा-173 में वर्णित प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन कराने हेतु महिला पुलिस पदाधिकारियों की संख्या लगातार बढायी जा रही है तथा स्थानीय थाना स्तर पर पदस्थापित किया जा रहा है.
• झारखण्ड पुलिस के द्वारा समय-समय पर महिला पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम एवं अनुसंधान में दक्षता हेतु देश के ख्याति प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों में भेजकर प्रशिक्षित कराया जा रहा है.
• महिला अधिकारियों की चुनौती, उपलब्धि और भविष्य की कार्ययोजना पर सम्मेलन में विशेष तौर पर चर्चा की जाएगी.
• महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम हेतु सामान्य थाना में भी महिला पदाधिकारी / कर्मियों की पदस्थापन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं में सुरक्षा की भावना उत्पन्न हो. महिला पुलिस अधिकारी, अपराध नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम, और समाज में सुरक्षा की भावना पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. इनकी चुनौतियों, उपब्धियों और भविष्य की दिशाओं पर चर्चा करने के लिए राज्य स्तरीय महिला पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया है. यह सम्मेलन प्रत्येक वर्ष अयोजित किया जायेगा.

सम्मेलन का उद्देश्य :
• महिला पुलिस अधिकारियों के अनुभवों और चुनौतियों को साझा करने का मंच प्रदान करने.
• महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान में प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा
करना.
• महिला पुलिस अधिकारियों के कौशल विकास और क्षमता निर्माण पर ध्यान केन्द्रित करना.
• पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ाने और उनके पदोन्नति के अवसरों पर विचार-विमर्श करना.
• महिलाओं के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा करना.
