गोड्डा: महिला पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
गोड्डा: जिले में एक महिला पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. महिला पुलिसकर्मी का नाम मीना मरांडी है. वह एसपी कार्यालय में तैनात थी. मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है. मीना मरांडी का शव उनके घर के पास ही मिला है. बताया गया कि वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर आयी थी और फिर किसी काम से घर से निकली थी. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो लोग उनकी तलाश में निकले. छानबीन के दौरान उनका शव सिकटिया स्थित उनके आवास के पास मिला.
मीना मरांडी चालीस वर्ष की थी. उनकी दो बेटियां और एक बेटा है. वह अपने पति के साथ सिकटिया में रहती थी. मीना मरांडी के पति ने बताया कि उसकी पत्नी ड्यूटी से लौटी और फिर घर से निकल गई. बहुत देर तक जब वो घर नहीं आयीं तब लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो बच्चों ने उनका शव देखा. इसके बाद इसकी सूचना पुलिस विभाग को दी गई. फ़िलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
