आंतरिक सर्वे से उड़ी भाजपा की नींद! हिमंता से लेकर शिवराज तक खोज रहे जीत का गुरु मंत्र

रांची: लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद भाजपा के लिए विधान सभा चुनाव में भी खतरे की घंटी बजती दिख रही है. राष्ट्रीय मुद्दों के घालमेल में लोकसभा चुनाव में तो कम से कम सामान्य सीटों पर वापसी हो गयी थी, लेकिन अब विधान सभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों का पिटारा निकलने लगा है. जल जंगल और जमीन, सरना धर्म कोड, आदिवासी अस्मिता के साथ ही कुड़मी समाज के बीच से हिस्सेदारी का सवाल खड़ा होना लगा है, यह सवाल गहराने लगा है कि एनडीए कोटे से दो-दो कुड़मी सांसद होने के बावजूद करीबन 20 फीसदी आबादी वाले कुड़मी समाज को केन्द्रीय मंत्रिमंडल से किनारा क्यों गया? उसकी पुरानी मांग,आदिवासीयत के दर्जे को रद्दी की टोकरी में क्यों फेंका गया? और यहीं से भाजपा के अंदर अपनी वापसी को लेकर संशय की स्थिति बनने लगी, स्थिति यह है कि खुद उसके ही सर्वे में पार्टी 2019 के अपने प्रदर्शन से भी पीछे छूटती नजर आ रही है, कम से कम पांच सीटों का नुकसान बताया जा रहा है, दावा किया जा रहा है कि इस बार उसका कांटा 20 से नीचे तक छिटक सकता है.
संताल से लेकर कोल्हान तक सिर फुटव्वल की तस्वीर
याद रहे कि हर चुनाव के पहले भाजपा खुद का आंतरिक सर्वे करवाती है और यह सर्वे किसी एक एजेंसी की ओर से नहीं होकर अलग-अलग एजेंसियों के मार्फत करवाया जाता है, उम्मीदवार चयन से लेकर सीट दर सीट जीत की संभावना को आंका जाता है. दावा किया जा रहा है कि इसी सर्वे रिपोर्ट के बाद आनन-फानन में असम के सीएम और न्यू भाजपा में हिंदुत्व का नया चेहरा बन कर सामने आये हिमंता विश्व सरमा और मध्यप्रदेश जैसे आदिवासी बहुल राज्य में चार-चार बार सीएम की कुर्सी संभाल चुके और केन्द्रीय मंत्री के रुप में अपनी भूमिका का निर्वाह कर रहे मामा शिवराज को मोर्चे पर लगाया गया और अब ये दोनों दिग्गज झारखंड को अपना नया ठिकाना बना चुके हैं.
कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने लिए नये-नये तरीकों की खोज
दोनों दिग्गजों के द्वारा भाजपा को झकझोरने की कोशिश की जा रही है, हर दिन कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का संचार करने लिए नये-नये तरीके खोजे जा रहे हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं की भूमिका को सम्मानित किया जा रहा है, लेकिन उसी कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम के दौरान संताल से लेकर कोल्हान तक सिर फुटव्वल की तस्वीर भी सामने आ रही है. कार्यकर्ताओं के द्वारा एक दूसरे पैजामे खोले जा रहे हैं, एक दूसरे की कारदास्तानियां सामने लायी जा रही है, इस बात का दावा ठोका जा रहा है कि जिस कार्यकर्ता ने जीत में अपना खून- पसीना बहाया, उसके बदले पार्टी उम्मीदवारों की हार सुनिश्चित करने वालों को सम्मानित किया जा रहा है, दूसरे तरफ देवघर आरक्षित विधान सभा से निर्वाचित होने वाले नारायण दास और सारठ विधायक रणधीर सिंह अपने बयानों से पार्टी के लिए अलग मुसीबत खड़ी करते नजर आ रहे हैं, जिस गोड्डा से निशिकांत दुबे चौथी बार संसद पहुंचे हैं, अंदरखाने उस गोड्डा में भी सब कुछ सामान्य नहीं है.
हिमंता और शिवराज के दौरे के लिए झारखंड की तिजोरी का इस्तेमाल क्यों?
यही कारण है कि हिमंत विश्व सरमा से लेकर शिवराज सिंह चौहान के साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निशाने पर झारखंड है. शिवराज सिंह 14 जुलाई और हेमंत विश्व सरमा 16 जुलाई से राजधानी रांची में जीत का फार्मूला खोज रहे हैं, जबकि 20 जुलाई को अमित शाह का आगवन होने वाला है. यानि चुनावी बिसात का खेल अपने चरम पर है. झारखंड की जमीन पर बैठकर जीत का गुरुमंत्र खोजा रहा है, लोकसभा चुनाव में जो कमियां रही, उसे दूर करने की कवायद की जा रही है. इसी बीच भाजपा नेताओं इस जमघट पर झामुमो महासचिव सुप्रियो ने सवाल खड़ा किया है कि मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्रियों को झारखंड में झोंक कर भाजपा झारखंड के संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है, मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री का अपना एक अलग प्रोटोकॉल होता है, राज्य सरकार को उस प्रोटोकॉल का पालन करना होता है, लेकिन हिमंता विश्व सरमा से लेकर शिवराज सिंह चौहान किसी सरकारी कार्यक्रम में तो आ नहीं रहे, उनका मकसद तो भाजपा को जीत दिलवाने की है, फिर भाजपा के प्रचार प्रसार के लिए झारखंड की तिजोरी का इस्तेमाल क्यों?
झामुमो के अंदर भी प्यादों की खोज जारी
अंदर खाने वहां भी सीट दर सीट का मूल्याकंन शुरु हो चुका है और झामुमो की रणनीति सिर्फ उन्ही सीटों को कांग्रेस और राजद के हिस्से में डालने की है, जहां उनकी मजबूत स्थिति है, अपना मजबूत जनाधार है. वह पलामू हो या चतरा या फिर गोड्डा लोकसभा के अंतर्गत आने वाली विधान सभा की सीटें, जहां भी कांग्रेस और राजद कमजोर कड़ी के रुप में दिखलायी पड़ रही है, झामुमो की रणनीति खुद ही मोर्चा संभालने की है. यानि इस बार झामुमो किसी भी सीट को जाया करना नहीं चाहती है, हर सीट पर वह जीत का सुनिश्चित दांव खेलना चाहती है, यदि सहयोगी दलों के पास चेहरों का अकाल है, जमीन पर उसके कार्यकर्ता मौजूद नहीं है, उस हालत में उस सीट को झामुमो खुद अपनी झोली में रखना चाहती है.
कल्पना सोरेन की एंट्री से झामुमो के पास एक बड़ा अर्बन चेहरा
दरअसल जानकारों का दावा है कि झारखंड की सियासत में कल्पना सोरेन की एंट्री से झामुमो को एक बड़ा अर्बन चेहरा मिल चुका है. जिसकी मांग सिर्फ आदिवासी बहुल सीटों पर ही नहीं, बल्कि सामान्य सीटों पर भी कल्पना सोरेन के लेकर एक उत्साह है, जो एक साथ हिन्दी, ओड़िया,संथाली के साथ ही फर्राटेदार अंग्रेजी बोल सकती है, आदिवासी अस्मिता का सवाल हो या झारखंडी पहचान का सवाल, दोनों ही मोर्चे पर सामान्य रुप से मोर्चा खोलती है. झामुमो की कोशिश कल्पना सोरेन के इसी चेहरे को आगे कर सामान्य सीटों पर भी जलबा दिखलाने की है. झामुमो के अंदर इस बात की चर्चा तेज है कि यदि इस बार 50 से 55 सीटों पर उम्मीदवार को उतारा गया, तो वह खुद अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में आ सकती है.
कांग्रेस- राजद की सीटों में कटौती पर विचार
आपको बता दें कि वर्ष 2019 में झामुमो ने 47 सीटों पर चुनाव लड़कर 30 पर जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 31 सीट पर चुनाव लड़कर 16 पर सिमट गयी थी, और राजद ने सात सीटों से उम्मीदवार उतारा था, लेकिन जीत की वरमाला सिर्फ एक को, 2019 में भी झामुमो का प्रर्दशन अपने दोनों सहयोगी से काफी बेहतर था और यही कारण है कि इस बार वह अपने हिस्से पचास से अधिक सीट रखने की रणनीति पर काम कर रही है. हालांकि उसके बाद भी सहयोगी दलों को मंत्रिमंडल में स्थान दिया जायेगा, लेकिन तब सरकार को अस्थिर करने की कोई भी चाल कामयाब नहीं होगी और ना ही उसके स्थायीत्व पर कोई सवाल खड़ा होगा.
