किसने डूबायी झारखंड में कांग्रेस की नैया! बड़ी सच्चाई आयी सामने, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के बूथ पर 100 वोट के लाले

रांची: लोकसभा चुनाव में अपने हिस्से की सात में पांच सीटे गंवाने वाली झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इस हार की समीक्षा का आश्वासन देते हुए इस बात का दावा किया था कि संगठन में कई ऐसे पदाधिकारी है, जिन्होंने अपने आप को पूरे चुनाव से दूर रखा, जिसकी कीमत पार्टी प्रत्याशियों को हार के रुप में चुकानी पड़ी. जल्द ही पार्टी ऐसे पदाधिकारियों से जवाब तलब करेगी और यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उन्हे जिम्मेवारियों से मुक्त किया जायेगा. निश्चित रुप से जब प्रदेश प्रभारी इस बात एलान कर रहे थें, तब निशाने पर कांग्रेस संगठन के वैसे पदाधिकारी थें, जिनकी भूमिका बेहद सीमित थी, टिकट वितरण से लेकर पूरे चुनावी प्रबंधन में उनकी कोई संलिप्ता नहीं थी. इन पदाधिकारियों का रोना तो इस बात को लेकर था कि लेकिन संगठन में कोई उनकी पीड़ा सुनने वाला नहीं है, और अब जब हार का ठीकरा फोड़ने की बारी है, तब इन पदाधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़ा किया जा रहा है. दरअसल इन पदाधिकारियों की जिम्मेवारी सिर्फ बड़े-बड़े नेताओं के लिए फूल-माले की व्यवस्था करने की थी, और ये पदाधिकारी इस दायित्व के निर्वहन में असफल रहें थें. लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है. उसके बाद गुलाम अहमद मीर के सामने भी संकट पैदा हो सकता है. क्योंकि यहां बात छोटे-छोटे पदाधिकारियों के बजाय झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के हिस्से की जिम्मेवारी और उसका निर्वहन का है.
राजेश ठाकुर के बूथ कांग्रेस को 100 वोट नहीं
दरअसल खबर यह है कि बोकारो के जिस कॉपरेटिव कॉलोनी में राजेश ठाकुर का आवास है, जहां उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, उसके मतदान केन्द्र संख्या 197,198 और 199 पर कांग्रेस को 100 वोट भी नहीं पड़े. ये तीन वे मतदान केन्द्र है, जहां से कांग्रेस को कुल 242 वोट प्राप्त हुए है, जबकि भाजपा के ढुल्लू महतो को 661 वोट. बुथ संख्या 197 पर कांग्रेस को 49 और भाजपा को 199, बूथ संख्या-198 पर कांग्रेस को 59 और भाजपा को 241 और बूथ संख्या-199 में कांग्रेस को 134 और भाजपा को 221 वोट मिला है. ऐसा भी नहीं है कि राजेश ठाकुर इस बार बोकारो में प्रचार-प्रसार से दूर थें, वह तो अनुपमा सिंह की जीत के दिन रात पसीना बहाने का दावा कर रहे थें, कार्यकर्ताओं को इस तपती धूप में कांग्रेस के लिए जी जान लगाने का आह्वान कर रहे थें, लेकिन शायद वह अपने ही बुथ पर अनुपमा सिंह का प्रचार करना भूल गये.
राजेश ठाकुर के नेतृत्व में पांच में से सात सीटों पर कांग्रेस का सुपड़ा साफ
यहां ध्यान रहे कि कांग्रेस को अपने हिस्से की सात में पांच सीटों पर करारा सियासी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. खूंटी और लोहरदगा में जो सफलता भी हाथ लगी है, दरअसल वह कांग्रेस की सफलता के बजाय झामुमो के जनाधार की जीत ज्यादा है, कहा जा सकता है कि झामुमो ने काग्रेंस को अपनी पीठ पर बैठा कर इन सीटों पर विजय की वरमाला पहनायी है, दोनों ही सीटों पर झामुमो मजबूत जनाधार है, पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी का कारण आदिवासी बहुल इन सीटों पर वैसे भी भारी आक्रोश था, और शायद कांग्रेस के बजाय खुद झामुमो मैदान में होती तो यह जीत हार का अंतर और भी बड़ा होता. कांग्रेस की असली परीक्षा तो गैर आदिवासी सीटों पर थी, जहां से उसका सुपड़ा साफ हो गया.
क्या इस्तीफा सौंप कर राजेश ठाकुर कायम करेंगे मिसाल?
देखना होगा कि अब खुलासे के बाद गुलाम अहमद मीर कांग्रेस अध्यक्ष के जवाब तलब करते हैं या राजेश ठाकुर खुद ही अपना इस्तीफा सौंप कर नैतिक जिम्मेवारी स्वीकार करते हैं. वैसे भी झारखंड कांग्रेस पर सामाजिक समीकरणों को दरकिनार कर टिकट वितरण करने का आरोप लगा है, कई सियासी जानकारों का दावा है कि जिस तरीके से कांग्रेस ने अपने हिस्से की सात में चार सीटों पर अगड़ी जातियों से आने वाले चेहरे को मैदान में उतारा, अल्पसंख्यक समाज को एक भी टिकट नहीं दिया, उसका एक बेहद गलत संदेश गया? कांग्रेस के सफाये के पीछे एक बड़ी वजह गलत टिकट वितरण भी है, धनबाद में भी किसी पिछड़े चेहरे को मैदान में उतार कर भाजपा के पिछडा कार्ड में पलीता लगाया जा सकता था, लेकिन जैसे ही ढुल्लू महतो के सामने एक अगड़ी जाति के उम्मीदवार को उतारा गया, पूरी लड़ाई अगड़ा बनाम पिछड़ा में सिमट गया और भाजपा बाजी मार ले गयी.
