चंपाई का भगवा बाना! बाबूलाल के अरमानों पर पानी, दिल में जख्म ओंठो पर मुस्कान!

रांची: पिछले 72 घंटों की तमाम ना-नुकुर के बावजूद दिशोम गुरु के संघर्ष का साथी और अब तक भतीजे हेमंत के साथ अभिभावक के रुप में खड़े रहे चंपाई सोरेन भाजपा के ‘चौखट’ खड़े हैं. किसी भी वक्त अपना ‘हरा चोला’ उतार वह भगवा बाना लपटे सकते हैं. हालांकि उनके साथ विधायकों का वह काफिला नहीं गया, जिसके दावे राष्ट्रीय मीडिया में पूरे जोर शोर के साथ किया जा रहा था. बावजूद इसके विधानसभा चुनाव के पहले इसे हेमंत सोरेन को एक बड़ा झटका माना जा सकता है. यह सही है कि संख्या बल के हिसाब से चंपाई सोरेन भाजपा की हसरतों को पूरा करने में नाकामयाब रहें. जिसके कारण खुद चंपाई सोरेन के सामने भी एक सियासी संकट खड़ा हो चुका है. उनकी सियासी सौदेबाजी की ताकत सीमित हो चुकी है. लेकिन, मौजूदा हालात में भाजपा झारखंड में जिन चुनौतियों के बीच खड़ी है, यह एक बड़ी राहत मानी जा सकती है, कम से कम चंपाई सोरेन को साथ खड़ा कर भाजपा यह दावा तो कर ही सकती है कि महागठबंधन में अभी कई सुराख हैं. सीता सोरेन, गीता कोड़ा के बावजूद सुराख खत्म नहीं हुए हैं, आज चंपाई सोरेन हमारे साथ है, टिकट का वितरण होते-होते कोई दूसरा चेहरा भी साथ नजर आ सकता है. दरअसल, हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच जो धुर्वीकरण देखने को मिला है. लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से जिस प्रकार से भाजपा का सफाया हुआ है. उस पसमंजर में चंपाई सोरेन का साथ एक बड़ी राहत भरी खबर हो सकती है और यह स्थिति तब है जब पहले से ही प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, तीन-तीन बार का मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड में मुख्यमंत्री के रुप में पहली बार कार्यकाल पूरा करने वाले रघुवर दास की मौजूदगी के साथ ही अपने कार्यकाल केे दौरान भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा करने वाले पूर्व सीएम मधु कोड़ा की मौजदूगी है. बावजूद इसके यदि सत्ता में वापसी के लिए भाजपा को चंपाई सोरेन की जरुरत है तो इसके उसकी कमजोर सियासी बिसात को समझा जा सकता है.

भाजपा की ताकत या सत्ता संघर्ष का कारक बनने जा रहे चंपाई सोरेन

लेकिन क्या चंपाई सोरेन वाकई भजापा की ताकत बनने जा रहे हैं? क्या वाकई चंपाई सोरेन की एंट्री के साथ ही कोल्हान में झामुमो की जड़े हिल जायेगी? क्या चंपाई सोरेन के पास वह सियासी कुव्बत है कि वह अपने चेहरे के भरोसे कोल्हान की 13 में से कम से कम 4 सीटों पर भी कमल खिलाने का मादा रखते हैं?  ध्यान रहे कि अभी-अभी संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में सीएम चंपाई का विधान सभा क्षेत्र से जोबा मांझी को पीछे होना पड़ा था, लगातार एक सप्ताह कैंप करने के बावजूद अपने ही विधान सभा से जोबा मांझी को बढ़त दिलाने में नाकामयाब रहे थें. यह ठीक है कि सराईकिला सीट से वर्ष 2005 के बाद लगातार विधायक रहे हैं. अब तक वह इस सीट से कुल छह बार विधान सभा पहुंच चुके हैं, लेकिन यह भी सच है कि सराईकेला में उन्हे लगातार भाजपा की मजबूत चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. वर्ष 2019 में 15,667, वर्ष 2014 में 1,115 और वर्ष 2009 में 3246 वोट से विजय मिली थी. इस हालत में इतना तो तय है कि भाजपा में जाने के बाद उनकी अपनी सीट सुरक्षित हो जायेगी, लेकिन क्या वह अगल बगल की सीटों पर भी प्रभाव डालने की स्थिति में है? और यदि ऐसा होता है, तो उनके साथ खड़ा होने वाले विधायको का टोटा क्यों हैं? कम से कम कोल्हान से तो साथ मिलना चाहिए था? उनके साथ कोल्हान के विधायकों का काफिला होना चाहिए था. लेकिन यह सियासत है, यहां कमजोर घोड़े की सवारी कोई नहीं करता. हां विकल्पहीनता की स्थिति हो, तब तो बात दूसरी है.

बाबूलाल के दिल पर ‘नासूर” देने की तैयारी

इससे अधिक सामाजिक-सियासी प्रभाव तो भाजपा के बाहर रह कर भी बाबूलाल दिखला चुके हैं, पलामू हो या उतरी छोटानागपुर या फिर कोयलांचल बाबूलाल ने भाजपा से अलग होकर कम से कम दो दर्जन सीटों पर मजबूत सियासी जमीन खड़ा किया. जिसका नुकसान भाजपा को झेलना पड़ा और आखिरकार गले लगाने को भी मजबूर होना पड़ा, क्या चंपाई सोरेन पलामू, उतरी छोटानागपुर और संताल तो दूर कम से कम कोल्हान में यह करने की स्थिति में हैं? बावजूद इसके चंपाई सोरेन के लिए भाजपा की ओर से जिस तरीके से लालकालीन बिछाने की तैयारी की जा रही है, यह तैयारी बाबूलाल के दिल में कौन सी टीस दे रहा होगा, इसकी सहज कल्पना की जा सकती है. क्या बाबूलाल कुतुबमीनार की सवारी करने की चाहत भर के लिए भाजपा के साथ हैं? क्या भाजपा में एंट्री के साथ ही उनकी सियासी चाहत पर विराम लग चुका है. क्या राजनीति सिर्फ सेवा भर है, जैसा की दावा किया जाता है और बाबूलाल कोई सन्यासी? क्या बाबूलाल चंपाई सोरेन को राज्य का अगला सीएम के रुप में स्वीकार करने जा रहे हैं? अभी तो भाजपा के अंदर बाबूलाल गुट, अर्जुन मुंडा गुट, रघुवर गुट के साथ ही अगड़ी जातियों से आने विधायकों का ही अपना अपना गुट है.  क्या चंपाई सोरेन की एंट्री के साथ ही एक पांचवां गुट भी नहीं बनने जा रहा है? क्या टुकड़ों-टुकड़ों  में विभाजित यह भाजपा हेमंत की सत्ता को चुनौती देने की स्थिति होगी? मीडिया के दावे अपनी जगह, लेकिन जमीनी हकीकत क्या है? क्या भाजपा सत्ता  में वापसी की संघर्ष करती नजर आ रही है या फिर उसके सामने अपनी मौजूदा संख्या बल को बचाने की चुनौती है.

झारखंड भाजपा के अंदर भावी सीएम की भरमार

चंपाई का भगवा बाना! बाबूलाल के अरमानों पर पानी, दिल में जख्म ओंठो पर मुस्कान!
ग्राफिक इमेज

 

लेकिन यदि यह स्वीकार भी कर लिया जाय कि भाजपा झारखंड में सत्ता में वापसी की दहलीज पर खड़ी है, तो फिर बाबूलाल की चाहतों का क्या होगा? क्या दशरथ गागरोई के हाथों हाथ के बाद खूंटी में मिली शिकस्त के बाद अर्जुन मुंडा की सियासी चाहतों पर विराम लग गया है. क्या रघुवर दास के अंदर भी सक्रिय राजनीति में आने की बेचैनी नहीं है. इस बीच चंपाई की एंट्री क्या झारखंड भाजपा की उलझी परतों को और भी उलझाने वाला नहीं है. चंपाई सोरेन की एंट्री   बाबूलाल के सपनों पर अब तक का सबसे बड़ा व्रजपात है, जिन्हे राज्य का अगला सीएम के रुप में प्रस्तूत करने की कोशिश की जा रही थी. इस हालत में आने वाले दिनों में बाबूलाल की चाल पर भी नजर रखनी होगी. कहीं विधान सभा चुनाव के पहले-पहले एक दूसरा पन्ना खुलता नजर नहीं आयें, हालांकि विकल्प बेहद सीमित हैं. यदि भाजपा सीएम का चेहरा नहीं बनाती है तो यह एक बड़ा सियासी सदमा होगा. लेकिन भाजपा के बाहर भी कोई बेहतर विकल्प नजर नहीं आता. कुल मिलाकर देखा जाये भाजपा के अंदर भावी सीएम के भरमार के बीच एक और भावी सीएम की एंट्री होने वाली है और इस सबके बीच बाबूलाल मरांडी की बेचैनी भी बढ़ी हुई है. होठों से मुस्कान गायब है, लेकिन बावजूद इसके मुस्कुराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सियासत इसी का तो नाम है. इस अखाड़े में दिल में जख्म और ओंठो पर मुस्कान रखना ही सफलता की अनिवार्य शर्त है. राजनीति का रास्ता बड़ा ही खुदगर्ज और एक तंग-दिल सफर है. जिससे गुजरने के बाद कभी मंजिल हाथ लगती है तो कभी निराशा का समंदर मिलता है. वही ‘निराशा का समंदर’ जिसकी बानगी आज चंपाई दा दिखला रहे हैं. हालांकि आज चेहरा भले ही चंपाई दा हों, कल यह कोई दूसरा चेहरा भी हो सकता है.  फिलहाल  झारखंड की सियासत पर नजर बनाये रखिये.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More