“आदिवासी चेहरे पर पेशाब” कमल खिलाने का सपना छोड़ आदिवासी समाज से माफी मांगे शिवराज- सुखदेव भगत

रांची: भाजपा आलाकमान ने मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कंधों पर इस बार विधान सभा चुनाव में कमल खिलाने की जिम्मेवारी सौंपी है. अंतर्कलह से ग्रस्त झारखंड भाजपा को सत्ता में वापसी करवाना, एक मुश्किल चुनौती है. लोकसभा चुनाव के बाद दुमका से गोड्डा तक भाजपा में आग लगी हुई है, कार्यकर्ताओं के बीच सिर फुटव्वल जारी है. भाजपा नेताओं के द्वारा एक दूसरे का पुतला जलाया जा रहा है. भाजपा का दलित विधायक इस बात का सार्वजनिक इजहार कर रहा है कि सिर्फ दलित जाति से आने के कारण उसे राजनाथ सिंह के मंच पर चढ़ने नहीं दिया गया, अपने विधान सभा में लीड दिलवाने के बावजूद हमें मां-बहन की गाली दी गयी, और इसका कारण सिर्फ हमारा दलित होना है. भाजपा में रहते हुई भी हमने लम्बे समय तक यह अपमान सहा है. लेकिन शिवराज सिंह की पहचान एक कुशल नेतृत्वकर्ता की है, संगठन के अंदर वह सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं. मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्य में लम्बे समय तक जलवा कायम रहने के पीछे शिवराज सिंह की यही खासियत और सियासी कला है. लेकिन मुश्किल यह है कि उनके साथ ‘एमपी पेशाब कांड’ का छाया भी साथ-साथ चलता नजर आता है. अभी पार्टी ने चुनाव प्रभारी नियुक्त किये जाने की घोषणा ही की है, कि आदिवासी बहुल झारखंड में एमपी पेशाब कांड एक बार फिर से सुर्खियां बनने लगा.

आदिवासी-मूलवासी समाज को आज भी याद है पेशाब कांड

लोहरदगा से नव नियुक्त सांसद और पूर्व कांग्रेस अघ्यक्ष सुखदेव भगत ने शिवराज सिंह से झारखंड में कमल खिलाने की कोशिश से पहले आदिवासी-मूलवासियों से माफी मांगने की मांग की है, उन्होंने कहा है कि झारखंड की जनता उस पेशाब कांड को भूली नहीं है, जब एक आदिवासी युवक के सिर पर भाजपा नेता ने पेशाब किया था. आदिवासी समाज के प्रति भाजपा का सोच यही है, पेशाब कांड कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, वह तो आदिवासी-मूलवासी समाज के प्रति भाजपा की सोच का स्वाभाविक परिणाम था. जिस आदिवासी समाज ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी बहुल सभी सीटों से भाजपा का सफाया कर दिया, उसे वह पेशाब कांड भी याद है, विधान सभा चुनाव में आदिवासी समाज उस पेशाब का भी हिसाब लेगी.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More