झामुमो के दो विधायकों ने भाजपा में शामिल होने की खबरों का किया खंडन
रांची: झामुमो विधायक दशरथ गागराई ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के साथ अपने भाजपा में शामिल होने की खबरों का खंडन किया है. उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि मैं मीडिया में चल रहे इस खबर का खंडन करता हूं. मैं वर्तमान में अपने निर्वाचन क्षेत्र में शिलान्यास / उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल हूं.
उन्होंने लिखा है कि खरसावां की जनता ने 2014 से अब तक भूखे-प्यासे रहकर मुझे चुनाव में जीत दिलाया है. मुझ पर खरसावां के मतदाताओं का बहुत बड़ा कर्ज है. भाजपा में शामिल होकर मैं अपने मतदाताओं को धोखा नहीं दे सकता. झामुमो इस राज्य की माटी की पार्टी है और मुझे गर्व है कि मैं इस पार्टी का सिपाही हूं. बता दें कि वर्त्तमान में दशरथ गागराई खरसावां से झामुमो पार्टी के विधायक हैं.

वहीं, झामुमो के एक और विधायक समीर मोहंती ने भी पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के साथ दिल्ली जाने और भाजपा में शामिल होने की खबर का खंडन करते हुए अपनी एक GPS लोकेशन युक्त फोटो शेयर की है. फोटो कैप्शन में विधायक ने लिखा है कि, हम क्षेत्र में बने हुए हैं. बता दें कि समीर मोहंती वर्त्तमान में बहरागोड़ा से झामुमो के विधायक हैं.

