चुनावी मोड में हेमंत, भाजपा को चुनौती, कल ही करवा लें विधान सभा चुनाव, सूपड़ा साफ होने की गारंटी

रांची: जेल से बाहर के आने के बाद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन का अंदाज पूरी तरह बदला-बदला नजर आ रहा है, आम तौर शांत और संयमित नजर आने वाले हेमंत बेहद आक्रामक हैं. भाव-भंगिमा और बॉडी लेंग्वेज से एक अजीब सा आत्म विश्वास की झलक मिल रही है. सीएम आवास से बाहर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने भाजपा को किसी भी वक्त विधान सभा चुनाव करवाने की चुनौती पेशी, और इस बात का दावा भी किया कि वह आज चुनाव करवाने की घोषणा करे, कल रिजल्ट सामने होगा महागठबंधन के कार्यकर्ता किसी भी वक्त चुनाव के लिए तैयार रहें.
झारखंड में बनेगी झारखंडियों की सरकार
भाजपा को निशाने पर लेते हुए हेमंत सोरेन इस बात का दावा किया कि भाजपा चाहे जितना जोर लगा ले, लेकिन झारखंड में झारखंडियों की सरकार बनेगी. मंसूबा पूरा होने वाला नहीं है. भाजपा को इस बात का डर था कि यदि हमारी सरकार कुछ दिन और सत्ता में रह गयी, तो दीया लेकर भी खोजने से भाजपा कहीं दिखलायी नहीं पड़ेगा और उसने एक साजिश के तहत मुझे जेल में कैद कर दिया. लेकिन इससे भी बात नहीं बनी, आज भी भाजपा उसी मुहाने पर खड़ी है, सुपड़ा साफ होना दीवार पर लिखी वह इबारत है, जिसे अब कोई मिटा नहीं सकता. जेल यात्रा से पहले के संबोधन को याद करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि इसी चौराहे पर देर रात हमने घोषणा की थी कि हमारी गिरफ्तारी भाजपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी, और वह वक्त आ गया है. इस विधान सभा चुनाव में भाजपा की उम्मीदों पर आखिरी कील ठोकनी है. झारखंड में हिन्दू-मुसलमान का खेल नहीं चलने वाला है. हिन्दू को मुसलमान से लड़वाना, सरना को गैर सरना से लड़वाना, ईसाई सरना विवाद पैदा करना, इससे आगे भाजपा सोच ही नहीं सकती. देश अब इस नफरत की राजनीति से उब चुका है, और लोकसभा चुनाव में जनता ने थपड़ मारा है, जिसकी टीस इन्हे आज भी है.
