नक्सलियों ने आज बुलाया झारखंड-बिहार बंद, प्रशासन अलर्ट

रांची: भाकपा माओवादी संगठन की ओर से 25 जुलाई को झारखंड-बिहार बंद बुलाया गया है. बंद को लेकर रेलवे ने अलर्ट जारी किया है. नक्सल प्रभावित इलाकों से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. सभी स्टेशनों पर सतर्कता बरतने को कहा गया है. वहीं, नक्सलियों द्वारा बुलाए गए बंद को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को अलर्ट कर दिया है. नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील इलाके में विशेष सतर्कता बरती जाये. पुलिस के सभी सुरक्षा कैंप, पिकेट और थानों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से हाइअलर्ट पर रखा गया है. बता दें कि 25 लाख इनामी माओवादी जया हेम्ब्रम सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों ने आज गुरुवार को बंद का ऐलान किया है. जया एक करोड़ की इनामी माओवादी विवेक की पत्नी है.

बैनर व पोस्टर लगा कर बुलाया बंद 

दरअसल, भाकपा नक्सली माओवादियों ने सोमवार (22 जुलाई) की देर रात कराईकेला थाना के ओटार पंचायत के महाली साई और चौक समेत आसपास के इलाकों में विभिन्न जगहों पर बैनर व पोस्टर लगाया, साथ ही कई नक्सली पर्चे छोड़ कर गुरुवार (25 जुलाई) को झारखंड-बिहार में बंद का आह्वान किया था. नक्सलियों द्वारा बैनर-पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद कराईकेला थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और बैनर, पोस्टर व पर्चा जब्त कर लिया.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More