भाजपा के साथ नहीं बनी बात! अब सियासी चौराहे पर कोल्हान टाइगर चंपाई सोरेन

रांची: विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपने बगावत से झामुमो के सामने सियासी संकट खड़ा करने वाले चंपाई सोरेन अब खुद सियासी चौराहे पर खड़े नजर आ रहे हैं, 45 घंटों की दिल्ली यात्रा के बाद अब वापस लौटने की तैयारी हैं. अब वह किसी भी वक्त झारखंड वापस लौट सकते हैं. दावा किया जा रहा है कि भाजपा के साथ बात नहीं बनी, जिन शर्तों और चाहत के साथ चंपाई सोरेन भाजपा की सवारी करना चाह रहे थें, बदली हुई परिस्थितियों में भाजपा नेतृत्व उन शर्तो को स्वीकार करने को तैयार नहीं है.

विधायकों की एकजुटता ने बिगाड़ा चंपाई और भाजपा का खेल

दरअसल पहले यह दावा किया जा रहा था कि उनके साथ कोल्हान से करीबन छह विधायक भी पाला बदलेंगे. सारा खेल गुपचुप खेला जाना था. इसकी पृष्ठभूमि काफी दिनों से तैयार की जा रही थी. लेकिन चंपाई और भाजपा के बीच यह रणनीति छिपी नहीं रह सकी. चंपाई सोरेन की बदलती भाषा और उनको लेकर भाजपा नेताओं का बदलते रुख से झामुमो रणनीतिकारों को इस ऑपरेशन की भनक लग चुकी थी और इसके साथ ही चंपाई सोरेन की गतिविधियों पर नजर रखा जाने लगा था, साथ ही इस संभावित ऑपेरशन में पलीता लगाने की कवायद भी शुरु हो चुकी थी. हालांकि कोलकता से दिल्ली की उड़ान भरते वक्त तक भी चंपाई सोरेन और भाजपा को ऑपेरशन कामयाब होने का पूरा विश्वास था, लेकिन जब तक चंपाई सोरेन के विमान दिल्ली में लैंड करता, ऑपरेशन में पलीता लगाया जा चुका था, चंपाई सोरेन खाली हाथ थें. ले-देकर सिर्फ बोरिया के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम का साथ था, लेकिन लोबिन को झामुमो पहले ही  पार्टी से बाहर का रास्ता दिखला चुकी थी. इसके साथ ही लोबिन के एंट्री से ताला मरांडी को भी विदकने का खतरा था. इसके बाद भाजपा के अंदर चंपाई सोरेन के नेतृत्व क्षमता को लेकर नये सिरे से मंथन शुरु हो गया, यह आकलन किया जाने लगा कि चंपाई सोरेन को पार्टी में शामिल करने से क्या लाभ हो सकता है, और  नुकसान क्या होगा?  खास कर बाबूलाल मरांडी जो फिलहाल सीएम पद का सपना देख रहे हैं, साथ ही चंपाई सोरेन के बजाय पूरे झारखंड में चेहरे की पहचान है, उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी, कहीं चंपाई सोरेन की एंट्री के साथ ही भाजपा  में एक और अंतर्कलह की शुरुआत नहीं हो जाय. 

सीएम पद का चेहरा बनना चाह रहे थें चंपाई 

दावा किया जाता है कि चंपाई सोरेन की मांग आने वाले विधान सभा चुनाव में सीएम पद का चेहरा बनाने की थी, उनका तर्क था कि मंत्री पद तो उनके पास आज भी मौजूद है, साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेवारी भी है. लेकिन इस दावे के मजबूती तब मिलती, जब उनके साथ कोल्हान के विधायकों का एक हिस्सा टूट कर खड़ा होता, लेकिन यहां तो सारे विधायक एक स्वर से सीएम हेमंत का गुणगान कर रहे थें, इस हालत में भाजपा उनकी इस चाहत को स्वीकार करने की तैयार नहीं थी, भाजपा के अंदर पहले से ही बाबूलाल मरांडी से लेकर दूसरे चेहरे भी हैं. यदि विधायकों का साथ मिलता तो बात दूसरी होती. लेकिन भााजपा किसी राज्य का राज्यपाल बनाने का ऑफर भी देने के तैयार नहीं थी, बहुत हद तक बेटे को टिकट देने पर सहमति बनती दिख रही थी. जिसके बाद चंपाई सोरेन ने वापस झारखंड लौटने का फैसला किया. हालांकि चंपाई सोरेन ने भाजपा के साथ किसी भी संवाद को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनकी कोई भी योजना भाजपा नेताओं के साथ मुलाकात की नहीं थी, यह उनकी निजी यात्रा थी, झारखंड पहुंचने के बाद अब  वह अपना आगे का प्लान तैयार करेंगे.   

दिल्ली में फोड़ा था सीएम हेमंत पर आरोपों का बम

आपको याद दिला दें कि दिल्ली पहुंचने के बाद चंपाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स से मंत्री का टैग हटाकर पूर्व सीएम झारखंड लिखा है, साथ ही सीएम पद से जबरन हटाने का आरोप भी लगाया है. उनका दावा है सीएम पद के हटाने के पहले विश्वास में लेने की कोशिश नहीं की गयी, सीधा सीएम पद छोड़ने का आदेश सुना दिया गया, जिसके कारण उनके आत्म विश्वास को धक्का लगा है. हालांकि इसके बाद भी वह मंत्री पद बने रहें,  उनका दावा है कि सीएम पद से हटाने के पहले विधायक दल की बैठक भी नहीं बुलाई गयी.आपको याद दिला दें कि जेल से वापसी के बाद महागठबंधन के विधायकों की बैठक में एक बार फिर से हेमंत सोरेन को सीएम बनाने का फैसला लिया गया था. उस वक्त भी हेमंत सोरेन महागठबंधन का नेता थें, और उन्ही की आदेश से बैठक आहूत की गयी थी, जबकि चंपाई सोरेन विधायक दल के नेता के बतौर झामुमो विधायकों की बैठक की मांग कर रहे थें, यहां यह  भी बता दें कि जेल जाने पहले भी महागठबंधन के विधायकों की बैठक में नया नेता चुनने के लिए सीएम हेमंत को अधिकृत किया गया था, विधायकों ने सादे कागज पर अपना हस्ताक्षर किया था, जिसके बाद सीएम हेमंत ने राज्य के नये मुखिया के तौर पर चंपाई सोरेन को आगे किया था. साफ है कि चंपाई सोरेन को सीएम बनाने का फैसला सीएम हेमंत का था, और उनकी इस चाहत का झामुमो सहित महागठबंधन के सभी विधायकों के द्वारा मुहर लगायी गयी थी. जैसे ही जेल से हेमंत सोरेन की वापसी हुई महागठबंधन के विधायकों ने एक बार फिर से हेमंत सोरेन के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की, तब भी चंपाई सोरेन के पास विधायकों का बहुमत तो दूर सामान्य समर्थन भी नहीं था. लेकिन सीएम की कुर्सी पर पहुंचने के बाद अंदर सियासी महत्वाकांक्षा का उदय हुआ और इसकी अंतिम परिणति बगावत के रुप में सामने आयी.

अब क्या होगा चंपाई सोरेन का सियासी भविष्य?

अब देखना होगा कि चंपाई सोरेन का सियासी भविष्य किस करवट लेता है, फिलहाल तो वह सियासी चौराहे पर खड़े हैं, जिस चाहत के साथ भाजपा का दामन थामने की कोशिश की थी, विधायकों का साथ नहीं मिलने के बाद अब वही भाजपा दूरी बनाती दिख रही है. बावजूद इसके सियासत में रास्ते कभी बंद नहीं होते, खुद चंपाई सोरेन ने भी आज यह कह कर इसका संकेत दिया कि दिल्ली यात्रा के दौरान झामुमो की ओर से किसी ने भी सम्पर्क करने की कोशिश नहीं की, तो क्या चंपाई सोरेन को इस बात का एहसास हो चला है कि उन्हें एक सियासी ट्रैप में फंसाकर जितना दोहन किया जा सकता था, उतना दोहन किया जा चुका है. अब भाजपा को आगे उनकी जरुरत नहीं है, या कम से वह उनकी शर्तों के साथ समझौता नहीं करना चाहती. दरअसल भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि  झामुमो से बगावत कर चंपाई सोरेन सियासी चौराहे पर खड़ा हो चुके हैं, उनके सामने विकल्पहीनता की स्थिति है, इस हालत में वह ज्यादा दिनों तक अपनी शर्तों पर अड़े नहीं रहने वाले हैं और आखिरकार उन्हे भाजपा की शर्तों के सामने सरेंडर करने को बाध्य होना होगा.  बहुत संभव है कि अगले चंद दिनों में चंपाई सोरेन अपनी शर्तों में कुछ ढील दें  या नरम रुख अपनायें और एक बार फिर से भाजपा के साथ बात बन जाय. साफ है कि चंपाई सोरेन ने बगैर खतरे के भांपे बगावत का झंडा बुंदल तो कर दिया, लेकिन उनके इस कारवें के साथ चलने कोई तैयार नहीं है. सियासत का नियम है कि शर्तें मजबूत चेहरे की स्वीकार की जाती है,  भाजपा से डील फाइनल किये सीएम हेमंत और झामुमो के खिलाफ आग उगल कर उन्होने अपनी स्थिति कमजोर कर ली है. बहुत संभव है कि भाजपा मेें औपचारिक एंट्री के पहले यह सब करने को कहा गया हो, लेकिन अपनी सरलता के जाने वाले चंपाई सोरेन इस खतरे को भांप नहीं सकें.

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More