चाईबासा: सावन के तीसरे सोमवार को हाकुयम मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
चाईबासा: झींकपानी-हाटगम्हरिया मुख्य सड़क स्थित चर्चित मंदिर हाकुयम में हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. सोमवार तड़के लगभग चार बजते ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर समिति सदस्यों ने मंदिर के कपाट खोल दिए थे. मुख्य द्वार खुलते ही ओम नम: शिवाय की गूंज से समूचा वातावरण गूंजने लगा. हाकुयम नदी से पवित्र जल लेकर कांवरिया दल नंगे पांव चलकर मंदिर परिसर पहुंचे. इस दौरान श्रद्धालु नदी से पवित्र जल लेकर आते समय ‘बोल बम का नारा है, भोले बाबा दूर हैं ‘बोल बम का नारा है, मुर्गा मंदिर जाना जरूर है’ आदि जयघोष के नारे लगाते चल रहे थे. पीले वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो भीड़ से समूचा वातावरण गेरुआमय हो गया हो. श्रद्धालु मंदिर प्रवेश के पहले करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिर रहे झरने के पानी से स्नान कर कतार में लगना शुरू कर रहे थे.
मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास पूजा सामग्री से दुकानें सजी हुई थीं. समिति के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद का वितरण किया गया. कमिटि के घश्याम गगाराई ने कहा कि सावन के अंतिम शनिवार व रविवार को यहीं से कांवरिया जल लेकर पैदल बोल बम व डाक बम नोवामुंडी प्रखंड के मुर्गामहादेव जाते हैं पर इस बार कांवरिया भाइयों के लिए जिला प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं की गई है. खास कर सड़क, हाटगम्हरिया जगन्नाथपुर मुख्य सड़क बड़ी वहनों के चलते सड़क पर गड्डे और कादो से भरा हुआ है. उक्त सड़क इतना खराब है कि कांवरिया भाई को इस बार काफी कठिनाइयों का सामना उठाना पड़ेगा. इसलिए जिला प्रशासन से माँग कि जल्द से जल्द उक्त सड़क को ठीक कराये और जिस दिन डाक बम कांवरिया जाते हैं, उस दिन बड़े वाहनों का आगमन बंद कर दिया जाए, क्योंकि आए दिन बड़े वाहनों के चलने के कारण कांवरिया भाइयों का कहीं न कहीं सड़क दुर्घटना होती रहती है.
