रांची: झारखण्ड ओबीसी आरक्षण मंच ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया विरोध
रांची: झारखण्ड ओबीसी आरक्षण मंच की एक बैठक रविवार को मंच के केंद्रीय अध्यक्ष सह राजद महासचिव कैलाश यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. बैठक के दौरान झारखंड ओबीसी आरक्षण मंच की ओर से एचइसी आवासीय क्षेत्र सेक्टर 2 धुर्वा के रहने वाले हिमांशु लाल राज को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होने पर अध्यक्ष कैलाश यादव एवं उपाध्यक्ष बीएल पासवान ने शॉल ओढाकर, संविधान की किताब देकर एवं गुलदस्ता देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर मौजूद उनके पिताजी हीरालाल बैठा को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया एवं बधाई के साथ शुभकामनाएं दी गई.
करेंगे जन आंदोलन
बैठक में चर्चा के दौरान उपस्थित सदस्यों ने जाति जनगणना, आरक्षण सीमा बढ़ाने को लेकर 15 अगस्त के बाद जन आंदोलन करने का फैसला लिया गया. साथ ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा ST, SC को आरक्षण में उपवर्गीकरण करने तथा क्रीमीलेयर लागू करने का कड़ा विरोध भी किया गया.
विधायिका के क्षेत्राधिकार पर हस्तक्षेप
बैठक में विशेष रूप से मंच के अध्यक्ष एवं राजद महासचिव कैलाश यादव ने कहा कि लोकतंत्र डेमोक्रेसी में विधायिका सर्वोपरि है. संसद एवं असेंबली में कानून बनाना संसदीय व्यवस्था का क्षेत्राधिकार है. जबकि न्यायालय ने क्रीमीलेयर लागू करने की बात कह विधायिका के क्षेत्राधिकार पर हस्तक्षेप किया है. इस विषय पर केंद्र की मोदी सरकार अविलंब विधेयक लाकर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को निरस्त करने का प्रस्ताव पारित करने का काम करे.
राज्यभर में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
कैलाश यादव ने कहा कि देश भर में बगैर जाति जनगणना किए किसी भी व्यक्ति का आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सही स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता. इसलिए क्रीमीलेयर लागू करना 120 करोड़ बहुसंख्य समाज के खिलाफ है. इस निर्णय का ओबीसी मंच विरोध करता है, न्यायालय इस पर पुनर्विचार करे. उन्होंने कहा, झारखंड ओबीसी आरक्षण मंच द्वारा राज्यभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. अगले महीने 15 सितंबर को रांची में महासम्मेलन किया जाएगा, जिसमें राज्य के सभी जिलों से प्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा. बीएल पासवान ने कहा कि ST, SC, OBC एवं Minorities वर्ग को एकत्रित कर लगातार लोगों के बीच जागरूक करने की जरूरत है, क्योंकि आरक्षण और जातिगत जनगणना होना जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है.
ये रहे मौजूद
बैठक में बीएल पासवान, रमजान कुरैशी, दीनानाथ, डॉ रामकुमार यादव, विनोद पासवान, गोपाल प्रसाद, प्रेमनाथ प्रसाद, देवकुमार गोप, सुरेश राय, महेंद्र गोप, जावेद अंसारी, जोगिंदर प्रसाद, सुबोध ठाकुर, राम इकबाल चौधरी, मैनेजर राय, जयप्रकाश कुमार, राकेश, विनय सहित कई लोग मौजूद थे.
