सुदिव्य कुमार सोनू का जाना गिरिडीह और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति : सिविल सोसाइटी

गिरिडीह। कैबिनेट मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह द्वारा अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला के बाभनटोली स्थित आवास पर शोक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन केवल गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से ऐसा शून्य पैदा हुआ है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। सामाजिक सरोकारों, राजनीति, शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उनकी दूरदर्शी सोच और गंभीर कार्यशैली उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
वक्ताओं ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के सुदिव्य कुमार सोनू ने बेहद कम समय में अपनी कार्यक्षमता, सूक्ष्म दृष्टि और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर राजनीति में अलग पहचान बनाई। सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए उन्होंने विकास और जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से उठाया। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली लंबे समय तक लोगों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
सभा में अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव शंकर पांडेय, सुनील खंडेलवाल, सुधीर अग्रवाल, लखनलाल, देवराज आनंद, राजेंद्र त्रिपाठी, काशी प्रसाद खंडेलवाल, अरुण कुमार, गौतम सोनी, निशु सिंह, रामदेव विश्वबंधु सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
