कोडरमा: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टक्कर के बाद ट्रक से टकराई, एक की मौत, तीन घायल

कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरवा मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार संख्या (बीआर 01 एफएन 6405) डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जाकर टकरा गई. इस दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान मुकुल कुमार (उम्र 25 वर्ष, पिता-मोहन साव, फतुहा) एवं घायलों की पहचान चंदन कुमार और राहुल कुमार बिहार निवासी के रूप में हुई है.
वहीं एक अन्य घायल की शिनाख्त नहीं हो पाई है. दुर्घटना के बाद पुलिस के द्वारा घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया. जबकि परिजन घायलों को इलाज के लिए पटना लेकर चले गए. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार युवकों के कार की स्पीड दुर्घटना से पहले करीब सौ किलोमीटर प्रति घंटे की थी.
