आदिवासी रेजिमेंट की मांग तेज! सीएम चंपाई का दावा आदिवासी समाज को मिलेगी एक नयी पहचान

रांची: भारतीय सेना के जनरल ऑफिसर, कमांडिंग-इन-चीफ (ईस्टर्न कमांड) और लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी से मुलाकात कर सीएम चंपाई ने देश में आदिवासी रेजिमेंट की बनाने की मांग की है. सीएम चंपाई ने कहा कि इस पहल से आदिवासी समाज को एक नयी पहचान मिलेगी. इसके साथ ही चंपाई सोरेन ने आदिवासी बहुल इलाके में सेना की नियक्ति प्रक्रिया को तेज करने का भी आग्रह किया, ताकि आदिवासी समाज के बच्चे अधिक से अधिक संख्या में सेना में जा सकें. इस अवसर पर जनरल ऑफिसर रामचंद्र तिवारी की ओर से झारखंड में पर्यावरण संरक्षण के लिए इकोलॉजिकल टेरिटोरियल आर्मी के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर अपनी सहमति जताते हुए सीएम चंपाई ने हर संभव सहयोग का वादा किया.
भारतीय सेना में है कुल 27 रेजिमेंट
याद रहे कि अभी भारतीय सेना में जाट रेजिमेंट, सिख रेजिमेंट, महार रेजिमेंट, मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट, पंजाब रेजिमेंट, मद्रास रेजिमेंट, नागा रेजिमेंट, कुमाऊं रेजिमेंट, असम रेजिमेंट, बिहार रेजिमेंट के साथ ही कुल 27 रेजिमेंट है. सीएम चंपाई जाट रेजिमेंट और सिख रेजिमेंट के तर्ज पर आदिवासी समाज के लिए भी एक रेजिमेंट की मांग कर रहे हैं. ताकि आदिवासी समाज में भी सेना के प्रति आकर्षण तेज हो सके.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More