संताल की सियासत में हलचल तेज! जामा नहीं जामताड़ा होगा सीता सोरेन का अगला सियासी ठिकाना
.jpg)
रांची: संताल में बांग्लादेशी घुसपैठियां तो रांची जमशेदपुर जैसे दूसरे शहरों में गुम होता आदिवासी समाज के सवालों के बीच विधान सभा चुनाव को लेकर सियासी दलों में अपने-अपने प्यादों को बैठाने की कवायद तेज हो चुकी है और इसके साथ ही टिकट की चाहत और हार जीत के समीकरण को देखते पाला बदल का खेल शक्ल अख्तियार करने लगा है. संताल की सियासत भी इससे अछूता नहीं है. हालांकि अभी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है, झाममो से जुड़े सियासतदान हों या भाजपा से टिकत के कद्रदान, सब सांस रोक कर पार्टी आलाकमान के रुख का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन बंद कमरों के इस खेल में, सूत्रों के सहारे कुछ संकेत बाहर निकल ही जाते हैं और उसके साथ ही सियासी फिजाओं में कहानियां तैरने लगती है. एक ऐसी ही कहानी संताल की सियासत में इन दिनों तैर रही है, दावा किया जा रहा है कि जामा सीट से तीन-तीन बार झामुमो के टिकट पर विधान सभा पहुंचने वाली सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन इस बार जामा छोड़ जामताड़ा से चुनावी अखाड़े में उतरने की तैयारी में है. इसकी वजह है सीता सोरेन का ओडिशा कनेक्शन, सीता सोरेन का माइका ओडिशा में है, जबकि शादी दिशोम गुरु के बड़े दुर्गा सोरेन के साथ हुई, दुर्गा सोरेन की आकस्मिक मौत के बाद दिशोम गुरु ने अपनी बड़ी बहू के सियासी एंट्री के लिए आदिवासी आरक्षित उसी जामा को चुना, जिसका प्रतिनिधित्व कभी दुर्गा सोरेन करते थें. लेकिन हाईकोर्ट के हालिया फैसले के बाद कोई आरक्षित भी सीट से सिर्फ उस राज्य का निवासी ही चुनाव लड़कर आरक्षण का लाभ ले सकता है. इस फैसले के बाद सीता सोरेन के लिए जामा से चुनाव लड़ना भविष्य में कानूनी विवाद को जन्म दे सकता है. दावा किया जाता है कि इस विवाद से बचने के लिए सोरेन परिवार की दूसरी बहू कल्पना सोरेन ने गांडेय की अनारक्षित सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया था. यानि राजनीति में एक दूसरे की प्रतिद्वंद्वी गोतनियों में एक दूसरे से सीख सीखने में कोई गुरेज नहीं है.
जामताड़ा में सीता बनाम इरफान
.jpg)
इस हालत में यह सवाल खड़ा होना लाजमी है कि सीता सोरेन को विधायक इरफान अंसारी की सीट ही क्यों पसंद आयी? क्या सीता सोरेन के लिए जामताड़ा में इरफान अंसारी को शिकस्त देना मुमिकन है? तो इसके लिए जामताड़ा के सामाजिक समीकरण को समझना बेहद जरुरी है. एक आकलन के अनुसार जामताड़ा में अनुसूचित जनजाति की आबादी करीबन 75 हजार है, जो कुल मतदाताओं का 27 फीसदी होता है, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीबन 83 हजार है, जो कुल मतदाताओं का 30 फीसदी होता है. सीता सोरेन की नजर इसी 27 फीसदी आदिवासी वोटरों पर है. यदि बांग्लादेशी घुसपैठ का नारा संताल में चल पड़ता है, तो यह 27 फीसदी आबादी आदिवासी समाज सीता सोरेन के साथ खड़ा हो सकता है, बाकि के वोटों का इंतजाम भाजपा के कोर वोटरों से पूरा किया जा सकता है, लेकिन क्या यह इतना आसान है? सियासी जानकारों की मानें तो जामताड़ा की सियासत में इरफान अंसारी एक बड़ा चेहरा हैं, सिर्फ अल्पसंख्यक समाज ही आदिवासी वोटरों के बीच भी इरफान की मजबूत पकड़ है, आदिवासी समाज को कोई भी पर्व-त्योहार हो, इरफान अंसारी पूरे उल्लास के साथ आदिवासियत के रंग में रंगे नजर आते हैं. कभी साड़ी वितरण तो कभी मंदिरों का दर्शन इरफान अंसारी की खासियत रही है, जिस हिन्दू मुस्लिम नैरेटिव के सहारे भाजपा संताल को भेदना चाहती है, इरफान अंसारी उसके मजबूत काट हैं. विधान सभा चुनाव में जब कल्पना सोरेन की एंट्री होगी, खुद हेमंत मोर्चा खोलेंगे, उस हालत में आदिवासी समाज सीता सोरेन के साथ कितनी मुस्तैदी के साथ खड़ा होगा, यह भी एक बड़ा सवाल है, रही बात बांग्लादेशी घुसपैठिया की तो अभी लोक सभा चुनाव में भी यह भाजपा का प्रमुख नारा था, लेकिन उसका परिणाम भाजपा के पक्ष में नहीं आया, पूरा आदिवासी समाज हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के सवाल पर झामुमो के साथ लामबंद नजर आया, इस हालत में जामताड़ा में इरफान को सियासी शिकस्त देना इतना आसान भी नहीं है, लेकिन राजनीति तो संभावनाओं का खेल है, इसी संभावना में सीता सोरेन अपनी राह बनाने की कोशिश करती नजर आ रही है. हालांकि खुद सीता सोरेन की ओर से सियासी गलियारों में चल रहे इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.
कौन होगा जामा से सीता का सियासी वारिस?

हालांकि, भाजपा अपने आप को वंशवाद की राजनीति से दूर मानती है और विपक्षी दलों पर इसका ठिकरा फोड़ती है. लेकिन खबर है कि सीता सोरेन जामा की सीट को भी अपने पास ही रखना चाहती है, उनकी चाहत बेटी जयश्री सोरेन को चुनावी अखाड़े में उतारने की है. सीता सोरेन के विपरीत जयश्री सोरेन के लिए जामा से चुनाव लड़ने में कोई कानूनी दाव पेंच भी नहीं है. हालांकि सीता की इस चाहत का भाजपा में कितना सम्मान होगा, यह भी देखने वाली बात होगी और क्या जयश्री सोरेन जामा में अपने पिता दुर्गा सोरेन के परंपरा को आगे बढ़ाने में सफल होगी? यह भी एक बड़ा सवाल होगा, वैसे लोकसभा चुनाव में भले ही सीता सोरेन को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन जामा से मजबूत बढ़त मिली थी, इस बढ़त से सीता सोरेन का हौसला और भी बुंलद हुआ है.
भाजपा को झटका देने की तैयारी में लुईस मरांडी?

लेकिन इसके साथ ही संताल की सियासत में एक और चर्चा तेज है, दावा किया जा रहा है कि दुमका सीट पर पेंच फंसता देख लुईस मरांडी अपने लिए नये सियासी ठिकाने की खोज में जुड़ चुकी है. अंदरखाने झामुमो के साथ वार्ता जारी है, दरअसल दुमका विधान सभा, जहां से अभी बसंत सोरेन विधायक है, वर्ष 2014 में लुईस मरांडी ने हेमंत सोरेन को पटकनी देकर यह सीट अपने नाम की थी. लुईस मरांडी इस बार भी दुमका सेअपना भाग्य आजमाना चाहती है. लेकिन उनकी राह में सबसे बड़ा कांटा सुनील सोरेन हैं, जिनका टिकट काट कर सीता सोरेन को अखाड़े में उतारा गया था. दावा किया जाता है कि पार्टी इस बार सुनील सोरेन दुमका से अखाड़े में उतार कर टिकट काटने के दर्द को समेटना चाहती है. इस हालत में लुईस मरांडी के सामने संकट खड़ा हो सकता है और इसी संकट को देखते हुए लुईस मरांडी अपना नया ठिकाना खोज रही है.
लेकिन इसके साथ ही लुईस मरांडी को यह विश्वास भी है कि यदि वह झामुमो के टिकट पर दुमका के अखाड़े में उतरती है, तो विधान सभा का राह ज्यादा आसान हो सकता है. इसकी वजह है दुमका विधान सभा का अब तक का चुनावी परिणाम है. वर्ष 2000 से इस सीट से भाजपा को महज एक बार 2014 में जीत मिली थी, यानि चुनावी परिणामों के हिसाब से दुमका में झामुमो की जीत की संभावना भाजपा की तुलना में कहीं ज्यादा है. दूसरी ओर झामुमो की रणनीति भी बेहद साफ है, सीता सोरेन के पालाबदल के बाद वह भी संताल में एक बड़े चेहरे की खोज में है, यदि लुईस मरांडी भाजपा का साथ छोड़ झामुमो के साथ ख़ड़ी हो जाती है, तो विधान सभा चुनाव के पहले ही यह भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित होगा.
बसंत सोरेन की सियासत क्या होगा?
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि उस हालत में बसंत सोरेन की सियासत क्या होगा? खबर यह है कि बसंत सोरेन को नलिन सोरेन से खाली हुई सीट शिकारीपाड़ा से उतारा जा सकता है. शिकारीपाड़ा भी झामुमो को मजबूत किला है, जहां नलिन सोरेन लागातार सात बार जीत का परचम फहरा चुके हैं. वैसे नलिन सोरेन की चाहत इस सीट से अपने बेटे को चुनावी अखाड़े मे उतारने की है, इस हालत में देखना होगा कि झामुमो की ओर से बसंत सोरेन के लिए कौन सा सियासी किला चुना जाता है.
