कमलेश सिंह के किले पर आजसू की टेढ़ी नजर? चूल्हा प्रमुख के बहाने हुसैनाबाद पर दावेदारी तेज

रांची-विधान सभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच सियासी दलों के बीच अपने–अपने सहयोगियों की बीच सीटों की दावेदारी तेज है. कांग्रेस या झामुमो या फिर भाजपा-आजसू हर जगह यह खेल जारी है. जहां राजद, कांग्रेस और माले की कोशिश झामुमो से अधिक अधिक संख्या में सीटें बटोरने की है, वहीं भाजपा पर भी आजसू का दवाब बढ़ता नजर आ रहा है, कई ऐसी सीटें जिसे भाजपा अपनी झोली मान कर चल रही थी, आजसू भी उस पर अपनी दावेदारी ठोकने से पीछे नहीं हट रही. लेकिन उससे भी विकट स्थिति में एनडीए खेमे के अंदर एनसीपी की नजर आ रही है. वह तो सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय अपनी जीती हुई सीट से भी हाथ धोती नजर आ रही है. बद से बदतर स्थिति में भी वह हुसैनाबाद को अपने झोली में मान कर चल रही थी, लेकिन अब उसकी उस हुसैनाबाद पर भी आजसू की टेढ़ी नजर है.
झारखंड में एनडीए का मतलब सिर्फ भाजपा आजसू की जोड़ी
दरअसल आजसू पहले से ही यह दावा करती रही है कि झारखंड में एनडीए का मतलब सिर्फ भाजपा आजसू की जोड़ी है, तीसरे के लिए यहां कोई गुंजाईश नहीं है. लेकिन एनसीपी अपने आप को तब भी एनडीए का हिस्सा मान रही थी, उसे इस बात का विश्वास था कि आखिरकार बात बन जायेगी, खुद एनसीपी विधायक कमलेश सिंह इस बात का दावा करते नजर आते थें कि उनके एनडीए फोल्ड में आने के बाद एनडीए की सेहत में सुधार होगा, हुसैनाबाद के साथ ही दूसरे कई विधान सभाओं में भी एनडीओ को इसका लाभ होगा. लेकिन लगता है कमलेश सिंह के इस दावे को आजसू सुप्रीमो सुदेश एनडीए का सेहत में सुधार के बजाय खुद का सेहत ठीक करने का उपक्रम मान रहे हैं.
चूल्हा प्रमुख सम्मेलन में आजसू सुप्रीमो का संबोधन
दरअसल रविवार को हुसैनबाद के टाउन हॉल में विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने अपने कार्यकर्ताओं को हुसैनाबाद में बदलाव लाने का आह्वान किया, उन्होने कहा कि हुसैनाबाद की समस्याओं का निराकरण के लिए बदलाव पहली शर्त है, जल, जंगल और जमीन के संघर्ष में आजसू की जो भूमिका रही है, उसे गांव गांव और घर घर तक पहुंचाने की जरुरत है और इसके साथ ही जुड़ा है सियासी भागीदारी का सवाल. साफ है कि सुदेश महतो का इशारा कमलेश सिंह की ओर था, और कमलेश सिंह अभी-अभी अपने आप को एनडीए का हिस्सा मान रहे हैं.
पूर्व विधायक शिवपूजन मेहता की सियासी चाहत
आपको बता दें कि टाउन हॉल में पूर्व विधायक शिवपूजन मेहता ने सुदेश महतो मुकूट और माला पहनाकर सम्मानित किया. यह वही शिवपूजन मेहता है, जिन्होंने 2014 में बहुजन समाज पार्टी के हाथी पर सवाल होकर जीत दर्ज की थी. लेकिन 2019 में बसपा से टिकट नहीं मिलने पर आजसू की सवारी कर बैठें, उधर बसपा ने शेर अली को मैदान में उतारा, लेकिन मुख्य मुकाबला एनसीपी से कमलेश सिंह और राजद के संजय यादव के बीच सिमट गया, जहां 41,293 वोट के साथ कमलेश सिंह को जीत मिली, वहीं संजय यादव 31,444 के साथ दूसरे स्थान पर रहें. जबकि बसपा की सवारी करने वाले शेर अली को 28,877 के साथ तीसरा स्थान मिला. और बसपा का हाथी से उतर आजसू का दामन थामने वाले शिवपूजन मेहता को 15,544 के साथ पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा. शिवपूजन मेहता से बेहतर स्थिति तो निर्दलीय ताल ठोक रहे विनोद कुमार सिंह की रही, जिन्होंने 27,860 के साथ चौथा स्थानऔर सम्मानजनक स्थान प्राप्त किया.
पांचवें स्थान पर संघर्ष करने वाले शिवपूजन मेहता पर आजसू का दांव
अब 2019 में पांचवें स्थान पर संघर्ष करते नजर आने वाले शिवपूजन मेहता कमलेश सिंह को एनडीए से बेटिकट कर यह सीट अपने नाम करना करना चाहते हैं. कमलेश सिंह की मुसीबत यह है कि जिस महागठबंधन का साथ छोड़ वह एनडीए का हिस्सा बना थें, और इसकी वजह इस सीट पर राजद की ओर से संजय दावेदारी थी, वहां संजय यादव के साथ ही कई दूसरे उम्मीदवार भी ताल ठोंकने की तैयारी में है, अभी हाल में भी कल्पना सोरेन का भी हुसैनाबाद दौरा हुआ था. तब यह चर्चा तेज थी कि इस बार झामुमो की नजर भी हुसैनाबाद पर लगी हुई है. यानि इंडिया गठबंधन के अंदर से भी एक से अधिक दावेदार है, इस हालत में यदि एक बार फिर से उनकी इंडिया गठबंधन में वापसी होती है, तो भी सीट की कोई गारंटी नहीं है. हालांकि झामुमो के इस तेवर से तलवार तो संजय यादव पर भी लटकती दिख रही है.
यहां एक बात जो और भी गौर करने वाली है, वह सियासी भागीदारी का सवाल, जिसका जिक्र सुदेश महतो ने चूल्हा प्रमुखों की बैठक में किया है.
सियासी भागीदारी का सवाल का हुसैनाबाद का सामाजिक समीकरण
दरअसल यदि हम हुसैनाबाद के सामाजिक समीकरण को समझने की कोशिश करें तो एक आलकन के अनुसार हुसैनाबाद में अनुसूचित जाति की आबादी 34 फीसदी,मुस्लिम आबादी 14 फीसदी, इसके साथ ही करीबन 30 फीसदी दूसरी पिछड़ी जातियों की आबादी है, इसमें एक बड़ी संख्या कुशवाहा जाति की है. सुदेश महतो का इशारा इसी पिछड़ी दलित जातियों की सियासी भागीदारी को लेकर था, उनकी रणनीति कुशवाहा को आागे कर पिछड़ी जातियों की गोलबंदी तैयार करने की है. हालांकि राजद के संजय यादव भी इसी पिछड़ा कार्ड के सहारे इस सीट पर अपनी नजर जमाये हुए है, और इसके पहले भी 2000 और 2009 में वह इसी कार्ड के सहारे जीत भी हासिल कर चुके हैं, लेकिन 2005,2014 और 2019 में उनका यह पिछड़ा कार्ड नहीं चला, 2005 और 2019 में कमलेश सिंह मुस्लिम मतदाताओं के साथ ही पिछड़ी जातियो का एक बड़ा हिस्सा अपने साथ ले जाने में सफल रहें.
भाजपा के साथ रह कर अल्पसंख्यक वोट की आस
लेकिन इस बार कमलेश सिंह की मुश्किल यह है कि इस बार वह उस एनडीए के साथ खड़ें हैं, जिसकी ओर अमूमन मुस्लिम वोटरों का झूकाव नहीं होता, हालांकि देश में राजनीति की हवा जो भी बह रही हो, लेकिन जमीन स्तर पर अल्पसंख्यक समाज के बीच उनकी पकड़ अच्छी मानी जाती है, बावजूद इसके यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता कि भाजपा के साथ खड़ा रहने के बावजूद मुस्लिम मतदाता व्यक्तिगत रिश्ते का फर्ज निभायेगा? उधर संजय यादव की चाहत भी मुस्लिम पिछड़ा गठजोड़ के सहारे एक बार फिर से जीत का सेहरा बांधने की है. इस हालत में देखना दिलचस्प होगा कि हुसैनाबाद में मुकाबला दि्वपक्षीय होता है, या त्रिकोणीय शक्ल अख्तियार करता है, और यदि त्रिकोणीय शक्ल अख्तियार करता है, तो विजय श्री किसके हाथ लगती है.
