राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन का मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने किया उद्घाटन

रांची:  डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में आज शुक्रवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन 2024 का शुभारंभ किया गया. मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया. बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर राज्य में पहली बार महिला पुलिस सम्मेलन 2024 का आयोजन हुआ है.

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले प्रधान सचिव, गृह,कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना डाडेल का अपर पुलिस महानिदेशक सुमन गुप्ता ने बुके देकर कार्यक्रम स्थल पर स्वागत किया. उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया. कार्यक्रम में शामिल होने राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता भी शौर्य सभागार में पहुंचे.

राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन का मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने किया उद्घाटन
महिला पुलिस सम्मेलन में शामिल मुख्य सचिव एल.खियांग्ते व अन्य पुलिस अधिकारी.

 

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुये सुमन गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण एवं आधुनिकीकरण), झारखण्ड, राँची द्वारा बताया गया कि इस कार्यक्रम का आयोजन एक ऐतिहासिक क्षण है तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखण्ड सरकार के पहल पर महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड, राँची के विशेष प्रयास से यह आयोजन संभव हो सका है. इस आयोजन में संपूर्ण राज्य से महिला पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी एक साथ इस सभागार में जुटे हैं तथा अपने अनुभवों को साझा करने, करने, चुनौतियों का सामना करने एवं महिलाओं के सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर विचार विमर्श किया जायेगा.

महिला नागरिकों के लिए पुलिसिंग को अधिक स्वागतपूर्ण बनाना मुख्य उद्देश्य: एल.खियांग्ते

मुख्य अतिथि एल.खियांग्ते, मुख्य सचिव, झारखण्ड सरकार द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त करना और महिला नागरिकों के लिए पुलिसिंग को अधिक स्वागतपूर्ण बनाना है. एक महिला पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति से महिलायें अपनी समास्याओं को बिना हिचकिचाहट के साझा करने के लिए प्रोत्साहित हो. महिलाओं को बुनियादी सुविधा एवं कार्य स्थल पर आधारभूत संरचनाओं के लिये झारखण्ड सरकार के द्वारा किये गये अनुशंसा पर प्राथमिकता के आधार पर बजट आवंटन एवं अन्य कार्य किया जायेगा.

राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन का मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने किया उद्घाटन
पुलिस सम्मेलन में शामिल महिला पुलिसकर्मियों की तस्वीर.

 

शहरी क्षेत्र के हर थाना में पदस्थापित होंगी एक महिला मुंशी: डीजीपी 

कार्यक्रम में अनुराग गुप्ता, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड, राँची द्वारा बताया गया कि वर्तमान में झारखण्ड पुलिस में महिलाओं का योगदान मात्र 05 प्रतिशत है. हर शहरी क्षेत्र के थाना में एक महिला लेखक (मुंशी) पदस्थापित किया जायेगा. साथ ही जिले के शहरी थानों में दो से तीन महिला थाना प्रभारी बनाया जायेगा, जिससे महिला शिकायतकर्ता एवं बच्चों को आसानी हो तथा अपनी समस्या बिना हिचकिचाहट के बता सकें.

विशिष्ट अतिथि वंदना डाडेल, प्रधान सचिव, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखण्ड, राँची ने झारखण्ड में महिला तस्करी की समस्या को उजागर करते हुये अन्य सामाजिक बिन्दुओं पर प्रकाश डाला तथा इसके निवारण में महिला पुलिसकर्मियों के योगदान के महत्व का जिक्र किया.

राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन का मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने किया उद्घाटन
मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने फोटो गैलरी का उद्घाटन किया.

 

फोटो गैलरी का उद्घाटन

सम्मेलन में मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने फोटो गैलरी का भी उद्घाटन किया. फोटो गैलरी में महिला पुलिस के विभिन्न खेल प्रतियोगिता, परेड एवं  पुरस्कार से सम्बंधित वृहत फोटो संकलन को प्रदर्शित किया गया है.

कार्यक्रम के अंत में संध्या रानी मेहता, पुलिस उप-महानिरीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखण्ड, रांची द्वारा मुख्य अतिथि / विशिष्ट अतिथि/महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक / उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारी/प्रेसमीडिया/प्रतिभागी गण को धन्यवाद ज्ञापन किया गया. 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More