स्थानीय बेरोजगारों के साथ राज्य सरकार ने किया कुठाराघात : संजय पाण्डेय

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्य्क्ष संजय पाण्डेय ने बयान जारी कर कहा कि 5 लाख नवयुवकों को रोजगार देने का वादा करने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन की सरकार,राज्य के स्थानीय युवकों को रोजगार देकर उनका भविष्य बनाने के बजाय दूसरे राज्यों के युवकों को सरकारी नौकरियों में रख रही है,जिसका जीता जागता उदाहरण नगर विकास एवं आवास विभाग ने साबित किया. नगर विकास एवं आवास विभाग ने अधिसूचना जारी कर 28 सहायक नगर निवेशकों की सीधी नियुक्ति कर उन्हें विभिन्न 28 स्थानों में योगदान करने का आदेश निर्गत किया.
स्थानीय नवयुवकों के भविष्य को बर्बाद करने का कुटिल प्रयास
उन्होंने कहा कि इन नवनियुक्त 28 सहायक नगर निवेशकों में 17 युवक, बिहार राज्य के गया, सिवान, पटना, दिल्ली, मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, असम के कछार, हरियाणा के सोनीपत, तेलांगाना के हैदराबाद के हैं. संजय पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड राज्य से केवल 11 स्थानीय युवकों को चयनित किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस तानाशाही रवैये का भारतीय जनता पार्टी पुरजोर विरोध करती है,साथ ही कहा कि राज्य के बेरोजगारों के साथ राज्य सरकार कुठाराघात कर रही है. स्थानीय लोंगों को रोजगार उपलब्ध कराने से मुकरना वादा खिलाफी है. स्थानीय नवयुवकों के भविष्य को बर्बाद करने का यह कुटिल प्रयास है,जिसकी भर्त्सना भारतीय जनता पार्टी करती है. संजय पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्य्क्ष बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर बाऊरी को इसकी जानकारी है और वे स्थानीय बेरोजगार नवयुवकों के जीवन पर हुए इस अत्याचार पर गंभीर कदम उठाने जा रहे हैं.
शराब दुकानों में ज्यादातर दूसरे राज्यों के लोग
संजय पांडे ने कहा कि 2020 में भी सरकार गठन के बाद राज्य सरकार ने पूरे राज्य के देशी और अंग्रेजी शराब बिक्री दुकानों में स्वंय बिक्री किये जाने का निर्णय लिया था, साथ ही घोषणा किया गया था कि इन बिक्री केंद्रों में स्थानीय युवकों को ही सेल्समेन और कैशियर रखा जाएगा पर इसका भी अमल ईमानदारी से नही किया गया, क्योंकि पश्चिम सिंहभूम जिले के 80 देशी और अंग्रेजी शराब के बिक्री केंद्रों में ज्यादातर दूसरे राज्यों के लोग नियुक्त हैं और बेरोक-टोक तकरीबन 5 वर्षों से कार्यरत्त हैं. इसकी शिकायत जिला प्रशासन को भारतीय जनता पार्टी ने किया था पर वह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और स्थानीय युवक ठगे देखते रह गए. जिले के सभी विधायकों को जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साध कर अपना मूक समर्थन दे दिया, जिस कारण सैंकडों युवक इन बिक्री केंद्रों में नौकरी से वंचित रह गए. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस विषय को गंभीरता से ले रही है और स्थानीय नवयुवकों के जीवन पर हो रहे इस अत्याचार पर जोरदार आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन का रुख अख्तियार करने की मंशा बना रही है.
