कोडरमा: टेंडर होने के छह महीने के बाद भी नहीं शुरू हुआ सड़क का कार्य
कोडरमा: सतगावां प्रखंड के ढाब मुख्य मार्ग से कटैया गांव तक सड़क का निर्माण ग्रामीण सड़क योजना के तहत 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से टेंडर होने के 6 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। पिछले 10 सालों से जर्जर सड़क की जगह नया सड़क निर्माण के लिए विभागीय तौर पर हरी झंडी मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से आवागमन की समस्या पहले की तरह ही बरकरार है।
ढाब मुख्य मार्ग से कटैया गांव तक सड़क पर जगह- जगह छोटे- बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़क की जर्जर स्थिति को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है कि सड़क में गड्डे हैं या फिर गड्ढे में सड़क। हल्की बारिश में भी इस सड़क की स्थिति नारकीय बन जाती है। गड्ढे में कीचड़ व जलजमाव से लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण सुरेश सिंह, सौरभ कुमार, मुकेश यादव, मुकेश सिंह, विकास कुमार, नवलेश कुमार, मिथिलेश सिंह, बाल्मीकि सिंह आदि का कहना है कि जब सड़क निर्माण के लिए विभागीय तौर पर हरी झंडी मिल ही गई है, तो जल्द निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
ढाब मुख्य मार्ग से कटैया गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क के निर्माण को लेकर पिछले साल दिसंबर महीना में ही विभागीय तौर पर हरी झंडी मिल चुकी है। केवल ढाब मुख्य मार्ग से कटैया गांव तक ही जाने वाली सड़क की स्थिति जर्जर नहीं है। कई अन्य भी सड़कें हैं जिसकी स्थिति जीर्णोद्धार के बिना जर्जर हो चुकी है। इसमें मरचोई पुल से नारायडीह गांव, माधोपुर से गलवाती,खैरा व बरियारपुर मुख्य मार्ग से झांझीडीह होते हुए पूतोडीह तक मुख्य सड़क की स्थिति भी जर्जर है।
