कभी नीतीश तो कभी हेमंत से मुलाकात, राजनीति के चौराहे पर झारखंडी सियासत का भीष्म पितामह सरयू राय

रांची: सियासत में मुलाकातें यों ही नहीं होती, दो राजनेता जब भी आपस में मिलते हैं, तो मौसम की चर्चा नहीं होती, कड़ाके की ठंड, उमस भरी गर्मी और मुसलाधार बारिश उनके बीच चर्चा का विषय नहीं होता, यह सब तो मतदाताओं के मुद्दे है, आम लोगों से जुड़े जिंदगी के सवाल हैं, सियासतदानों का चर्चा का विषय सारगर्भित होता है. वे तो देश-समाज के सामने आने वाले चुनौतियों के मद्देनजर सियासी रणनीतियों का ताना-बाना बूनते हैं. आप चाहें तो इन सियासी रणनीतियों को सियासी साजिश भी कह सकते हैं, यह आपका अधिकार और आपका फैसला है. लेकिन यही सियासत का धर्म है.
झारखंडी चाणक्य का बिहारी चाणक्य के साथ मुलाकात
कुछ ऐसी ही मुलाकात चंद दिन पहले पटना के गलियारों से निकल कर सामने आयी थी. जब झारखंड की सियासत के चाणक्य सरयू राय बिहारी राजनीति के चाणक्य नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे थें. दोनों काफी अर्से बाद आपस में मिले. बताया जाता है कि दोनों सहपाठी रहे हैं, सियासत की दुनिया में चहलकदमी दोनों ने एक ही साथ की थी. वह दौर था इंदिरा गांधी की इमरजेंसी पूरे देश में आक्रोश था, दोनों ही उस इमरजेंसी के खिलाफ पटना की सड़कों पर बगावत का बिगूल फूंक रहे थें. पुलिस के साथ आंख-मिचौली करते हुए लोकतंत्र को पुर्नस्थापित करने का उपक्रम कर रहे थें. हालांकि बाद में दोनों की सियासी धारा अलग-अलग धारा में मुड़ी, जहां सरयू राय संघ परिवार और भाजपा के साथ खुले रुप से साथ आ गयें, वहीं नीतीश कुमार रहें तो संघ परिवार और भाजपा के साथ ही, लेकिन थोड़ी दूरी बनाकर. सरयू राय के विपरीत नीतीश कुमार ने अपनी सियासी सफलता के लिए चेहरे पर समता और समाजवाद का लाबादा ओढ़ाना ज्यादा बेहतर समझा.
सरयू-नीतीश के लिए लालू राज के मायने जंगल राज
दोनों की पीड़ा लालू के राज से थी. वही लालू राज जिसे समाज का एक बड़ा तबका सामाजिक न्याय की शुरुआत मानता है. यह दावा करता है कि लालू के बाद और लालू के पहले की राजनीति एक अलग दुनिया की सियासत थी. दोनों के मुद्दे और लक्ष्य अलग-अलग थें. भला लालू यादव के पहले बिहार की सियासत में कथित पिछड़ी जातियों का आवाज कहां था? लालू के आगवन के साथ ही पूरे बिहार की सियासत एकबारगी बदल गयी. देखते-देखते विधान सभा का सामाजिक चरित्र बदल गया, जहां पहले इक्का -दुक्का पिछड़ी जातियों को विधान सभा के अंदर देखा जाता था, वह अब थोक भाव में दिखने लगा. पिछड़ों की आवाज सिर्फ मुखर ही नहीं हुई, बल्कि वह सियासत को भी अपने तरीके से हांकने लगा. इसका भी एक अपना अंदाज था, लेकिन सरयू राय से लेकर नीतीश कुमार को इस कथित सामाजिक न्याय में जंगल राज नजर आया. खास कर नीतीश कुमार के लिए आर्थिक संचरना में बदलाव ही सामाजिक न्याय की पहली शर्त थी. बाद कि दिनों में अपने लम्बे कार्यकाल में नीतीश कुमार ने बिहार को आर्थिक विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने में सफलता भी प्राप्त की, हालांकि अब विकास के इस ढहते पुल के कारण एक अलग तरह की किरकिरी भी हो रही है. खुद भाजपा के अंदर से भी इस गिरते पुल को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया जा रहा है, हालांकि अभी वह स्वर मंद है. लेकिन जैसे ही नीतीश कुमार ने सियासत की कोई दूसरी पटकथा लिखने की कोशिश की, यह मंद स्वर मुखरित होने लगेगा.
राजनीति के चौराहे पर झारखंडी सियासत का भीष्म पितामह सरयू राय
निश्चित रुप से दोनों ही अपने-अपने तरह के अनोखे किरदार है, लेकिन इस बीच सरयू राय बिहार की सियासत से दूर झारखंडी सियासत में रच बस गयें. कभी चारा मामले को उछाल कर लालू यादव के पॉलिटिकल कैरियर पर विराम लगाया तो कभी पूर्व सीएम रघुवर दास को विधान सभा चुनाव में पराजित अपना लोहा मनवाया, बल्कि यों कहें कि रघुवर दास को झारखंड की सियासत से विदा करने में भी सफलता प्राप्त की. लेकिन झारखंडी सियासत का यह भीष्म पितामह इस समय राजनीति के चौराहे पर खड़ा नजर आ रहा है.
रघुवर दास से दुश्मनी के बाद दरवाजा खोलने को तैयार नहीं भाजपा
रघुवर दास से दुश्मनी के बाद फिलहाल भाजपा अपना दरवाजा खोलने को तैयार नहीं है, और इधर कांग्रेस सियासी चारा डालने में हिचक दिखा रही है. धनबाद लोकसभा चुनाव के वक्त भी सरयू राय ने पंजे की सवारी की कोशिश की थी. लेकिन कांग्रेसी रणनीतिकारों ने इसे एक बड़ा खतरा माना. माना गया की सरयू राय से ना तो दोस्ती और ना ही दुश्मनी का रिश्ता बेहतर है. लेकिन अब सामने विधान सभा का चुनाव है, एक बार फिर से विधान सभा में एंट्री का सवाल है और सरयू राय कई बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि निर्दलीय चुनाव लड़ना गुड्डे- गुड़िया का खेल नहींं. चुनाव किसी बनैर के साथ ही लड़ेंगे. हालांकि इस बीच एक सियासी बनैर भी तैयार किया गया, लेकिन यह सरयू राय को भी पता है कि इस बनैर का हश्र क्या होगा?
सियासी हसरत को साधने की चाहत में पुराने साथी नीतीश से मुलाकात
दावा किया जाता है कि इसी सियासी हसरत में अपने पुराने साथी नीतीश कुमार से साथ मुलाकात की थी. चाहत जदयू के टिकट पर झारखंड से चुनाव लड़ने की थी. लोकसभा चुनाव के वक्त भी जदयू कोटे से धनबाद में उतरने को तैयार थें. लेकिन भाजपा झारखंड में जदयू को सीट देने को तैयार नहीं हुई. भाजपा पहले ही इंकार कर चुकी थी, इधर कांग्रेस भी पिंड छुड़ाना चाहती थी. इस हालत में सरयू राय ने अखाड़े से दूर रहने में ही अपनी भलाई समझी. धनबाद के सियासी अखाड़े में गर्जना तो खूब हुई, लेकिन सरयू राय अपनी सियासी ताकत को भांपते हुुए बगैर बरसे ही निकल गयें. इधर भाजपा सरयू की इस बेबसी पर तंज कसती रही, सरयू राय के इस हालत पर रघुवर दास मुस्कराते रहें, लेकिन अब एक बार फिर से विधान सभा चुनाव सामने खड़ा है. नीतीश कुमार से बात बनी या नहीं, अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है.
झारखंड में एनडीए के ड्राइविंग सीट पर बैठी है भाजपा
लेकिन यहां सवाल सिर्फ जदयू का नहीं है, सवाल तो उस भाजपा का है, जो झारखंड में एनडीए के ड्राइविंग सीट पर बैठा है. यह फैसला तो भाजपा को लेना है कि वह झारखंड में बिहार के अपने बडे भाई नीतीश के साथ समझौता चाहती है या नहीं. क्या वह जदयू झारखंड में सीट देने को तैयार है. यदि भाजपा जदयू के साथ मिलकर चुनाव लडऩे को तैयार होती है, तब तो सरयू राय की बात बन सकती है, और वह जदयू कोटे से जमशेदपुर पूर्वी या पश्चिमी सीट से अखाड़े में उतर सकते हैं, लेकिन यदि भाजपा झारखंड में जदयू के साथ समझौते से इंकार कर देती है, और दोनों के बीच दोस्ताना संघर्ष की स्थिति आती है. सरयू राय की गाड़ी फंस सकती है.
नीतीश से नहीं बनी बात तो हेमंत के साथ मुलाकात
यही सरयू राय की सियासी है, इसी सियासी उलझन को दूर करने की कोशिश में सरयू राय ने इस बार सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की है. दावा किया जा रहा है कि सरयू राय इस बार इंडिया गठबंधन के साथ खड़े नजर आ सकते हैं, दावा तो यह भी किया जा रहा है कि विधान सभा में एंट्री के लिए सरयू राय झामुमो या कांग्रेस किसी का भी पट्टा पहनने को तैयार हैं. लेकिन यदि इस बीच भाजपा के बंद दरवाजे खुल जाते हैं, रघुवर दास के आपत्ति को ताक पर रखते हुए भाजपा आलाकमान एंट्री का पास जारी देता है, तब सरयू राय भाजपा की पहली पसंद भाजपा ही होगी. कुल मिलाकर सरयू राय उस सियासी चौराहे पर खड़े हैं, जहां से रास्ता जाता तो हर तरफ है, लेकिन मुश्किल यह है कि हर सिग्नल रेड है. फिलवक्त सरयू राय को ग्रीन सिग्नल का बेसब्री से इंतजार है.
