सरयू स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स का बिहार में साइड इफेक्ट! नीतीश के चहेतों पर ईडी की छापेमारी

रांची: राजनीति में कुछ भी अकस्मात नहीं होता, एक्शन कहीं और होता है और उसकी कड़ियां कहीं और जुड़ती नजर आती है, हर कार्रवाई को व्यापक संदर्भ में समझने की कोशिश की जाती है, कई बार अपने ही सहयोगियों को संदेश देने की नियत से भी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है, आज कल रांची-पटना के सियासी गलियारों में चाय की चुस्कियों के साथ कुछ ऐसी ही चर्चा गरम है.
10 वर्षों में पहली बार सहयोगी दलों के चहेतों पर ईडी की कार्रवाई
दरअसल पिछले 10 वर्षो में पहली बार, जब से राष्ट्रीय राजनीति में मोदी और अमित शाह का दौर शुरु हुआ है, देश की अव्वल जांच एजेंसी ईडी के राडार पर केन्द्र का सहयोगी दल से जुड़े नेता और हुक्मरान है, और सहयोगी भी वह दल है, जिसकी बैसाखी पर केन्द्र की सरकार टिकी है, इधर नीतीश कुमार और चन्द्रबाबू नायडू ने अपनी बैसाखी खींची नहीं कि उधर केन्द्र की सरकार औंधें मुंह गिरी. ऐसा नहीं है कि इसके पहले बिहार में केन्द्रीय एजेंसियों का आगवन नहीं हुआ था. लेकिन उस वक्त तक निशाने पर तेजस्वी यादव और विपक्ष की दूसरी पार्टियां होती थी, जिस वक्त नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव के साथ मिलकर सरकार बनायी थी, उस वक्त नीतीश कुमार के सहयोगियों की घेराबंदी करने की कोशिश हुई थी, और इसके ठीक बाद नीतीश कुमार ने पालाबदल का खेल करते हुए एक बार फिर से भाजपा के साथ जाना स्वीकार किया था.
नीतीश के डोलते मन को भांप गयी भाजपा?
इस वक्त नीतीश कुमार एनडीए के साथ है, लेकिन सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि नीतीश कुमार के मन में कुछ चल रहा है, वह किसी उधेड़-बुन के शिकार है, और आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में उलटफेर के बादल मंडरा रहे हैं. जिस तरीके से बिहार के लिए स्पेशल दर्जे की मांग एक बार फिर से तेज हुई और इसके साथ ही अंदरखाने विधान सभा को भंग कर एक बार महाराष्ट्र -झारखंड के साथ ही बिहार में भी चुनाव करवाने का अल्टीमेटम जारी किया गया, और ठीक इसी बीच झारखंड की राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले सरयू राय का अपने पुराने सहयोगी और बाल सखा नीतीश कुमार के साथ मुलाकात हुई, और सरयू राय ने जिस अंदाज में इस बात का दावा किया कि झारखंड में जदयू अपने पुराने अतीत की ओर बढ़ने जा रही है, वह अपनी पार्टी भारतीय जन मोर्चा का विलय कर झारखंड में जदयू को एक मजबूत धार देने जा रहे हैं, संकेत यह भी देने की कोशिश की गयी कि यदि भाजपा जदयू को सम्मानजनक सीट नहीं देती है, तो दोनों के रास्ते जूदा भी हो सकते हैं, और इसके ठीक बाद नीतीश कुमार के नाक के बाल रहे ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह बिजली बोर्ड के अध्यक्ष संजीव हंस और राजद छोड़ जदयू का दामन थामने वाले गुलाब यादव के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की शुरुआत हो गयी
सीएम नीतीश के नाक के बाल रहे हैं संजीव हंस
संजीव हंस के पटना स्थित आवास, गुलाब यादव के गंगापुर स्थित आवास के साथ ही पुणे और दिल्ली में ईडी की अलग-अलग टीम एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी करती है. गुलाब यादव के आवास के कंप्यूटर के हार्ड डिस्क, मेमोरी कार्ड,पेन ड्राइव, बैंक के पासबुक,लॉकर,ज्वेलरी,जमीन के दस्तावेज सहित कई चीजें जब्त होती है और बाहर यह बात फैलायी जाती है कि संजीव हंस और गुलाब यादव के बीच कारोबारी रिश्ते हैं. हालांकि यह कोई बड़ा खुलासा नहीं है, पटना के सियासी गलियारों में इस रिश्ते की चर्चा लम्बे वक्त से होती रही है. दावा किया जाता है कि नीतीश कुमार के 18 वर्षों के सुशासन के काल के जिन चंद आईएएस अधिकारियों ने दोनों हाथों से बिहार को लूटा, उसमें एक चेहरा संजीव हंस का चेहरा भी है.
नीतीश कुमार की बहुचर्चित योजना, नल जल योजना में हजारों करोड़ का वारा-न्यारा
दावा तो यह भी किया जाता है कि नीतीश कुमार की बहुचर्चित योजना, नल जल योजना, जिसका सबसे अधिक ढिंढोरा पीटा गया, हजारों करोड़ का वारा-न्यारा किया गया, और इस काली कमाई को गुलाब यादव ने पुणे में अपने कारोबार में लगाया. हालांकि संजीव हंस तो महज एक चेहरा है, ऐसे दर्जनों आईएएस अधिकारी है, जिनकी काली कमाई गुलाब यादव के कारोबार में लगी हुई है. नीतीश कुमार चाहे राजद के साथ हो या फिर भाजपा के संग, संजीव हंस को हमेशा से क्रीम पोस्ट पर तैनात किया जाता रहा. गुलाब यादव के कारोबार में राजद के साथ ही भाजपा नेताओं की काली-कमाई भी लगती रही और इस हालत में ईडी की दस्तक हैरान करने वाली कदापी नहीं है. लेकिन सवाल सिर्फ टाइमिंग को लेकर है, जिस तरीके से नीतीश कुमार के द्वारा हालिया दिनों में भाजपा के साथ अपने रिश्तों को लेकर सियासी संदेश देने की कोशिश हुई. बिहार के लिए स्पेशल दर्जे की मांग को एक बार फिर से तेज किया गया और जीतन राम मांझी के द्वारा तंज भरे अंदाज में कहा गया कि नीतीश कुमार चाहे पत्थर पर जितना भी माथा पटक लें, यह मांग पूरी नहीं होने वाली है और उधर भाजपा के उपर विधान सभा को भंग कर विधान सभा चुनाव करवाने का दवाब बनाने की खबरें आयी और इस सबके बीच सरयू राय की एंट्री, जिसके बाद झारखंड में जदयू और भाजपा के बीच शाह मात के खेल शुरु होता नजर आया,और नीतीश के चेहतों पर कार्रवाई की शुरुआत हो गयी, इसके कुछ ना कुछ सियासी मायने तो जरुर है.
छापेमारी के बीच ही सरयू राय के प्रति बदलने लगी झारखंड जदयू की भाषा
इस रिश्ते को इस बात से भी समझा जा सकता है कि जैसे ही पटना से लेकर दिल्ली-पुणे तक ईडी की गतिविधि तेज हुई, सीएम नीतीश के सहयोगियों को निशाने पर लिये जाने की शुरुआत हुई, बगैर किसी देरी के सरयू राय को लेकर झारखंड जदयू की भाषा बदलने लगी. जिस सरयू के दावों पर कल तक चुप्पी साध ली गयी थी. छापेमारी तेज होते ही झारखंड जदयू के नेताओं ने सरयू राय के खिलाफ मोर्चा खोल लिया. दावा किया जाने लगा कि झारखंड की सियासत में सरयू राय के पास कोई जनाधार नहीं है,उनकी मंशा सिर्फ भाजपा जदयू के रिश्ते में दरार डालने की है. उनके द्वारा किये गये सारे दावे, उनके निजी विचार है, जदयू भाजपा का अभिन्न सहयोगी पहले भी थी और आज भी है, हालांकि झारखंड की जदयू इकाई के जिन नेताओं के द्वारा सरयू राय के जनाधार पर सवाल खड़ा किया जा रहा है था, उनकी खुद की सियासी जमीन कितनी मजबूत है, यह भी एक बड़ा सवाल है, पिछले कई वर्षों से झारखंड में जदयू के पास एक भी विधायक नहीं है. जबकि सरयू राय सिर्फ अपने साख के बूते सीएम की कुर्सी पर विराजमान रहते रघुवर दास को जमींदोज करने का कारनामा कर चुके हैं. उधर नीतीश कुमार सीएम अपनी सत्ता के बावजूद रुपौली उपचुनाव में अपने उम्मीदवार को जीत दिलवाने में नाकामयाब रहें.यह नहीं भूलना चाहिए कि सरयू राय ने रघुवर दास को उस पूर्वी जमशेदपुर से पराजित किया था, जहां से रघुवर दास पांच बार लगातार चुनाव जीत चुके थें, और सरयू प्रकोप में उसी विधान सभा से सीएम की कुर्सी पर विराजमान रहते हुए मैदान से बाहर होना पड़ा.
सरयू राय पर निशाना या डैमेज कन्ट्रोल की कवायद
तो क्या छापेमारी तेज होती ही, झारखंड जदयू नेताओं को बिहार से पैगाम आया, इस बात का संदेशा आया कि जल्दी से सरयू राय पर निशाना साधो, दूरी स्थापित करने की कोशिश करो, कहीं झारखंड के चक्कर में बिहार में गुड़ गोबर की स्थिति नहीं बन जाय और इस संदेश के साथ ही झारखंड की पूरी टीम सरयू राय पर हमला करते हुए डैमेज कन्ट्रोल में जुट गयी? कारण चाहे जो हो, लेकिन ईडी की इस छापेमारी से बिहार से लेकर झारखंड की सियासत में उबाल है और इस सबके बीच नीतीश कुमार के नये पैंतरे का इंतजार किया जा रहा है. मुश्किल यह है सरयू राय हों या नीतीश कुमार दोनों ही ईडी की इस छापेमारी पर सवालिया निशान खड़ा करने की स्थिति में नहीं है, क्योंकि दोनों ही मिस्टर क्लीन की छवि के लिए जाने जाते है. हालांकि मिस्टर क्लीन की छवि कितनी वास्तविक और कितनी प्रायोजित है, इस पर हर बार सवाल खड़ा होता रहा है.
