RIMS NEWS: मेडिकल स्टूडेंट्स और होमगार्ड्स जवानों में हुई मारपीट मामले में 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

रांची: राजधानी रांची का रिम्स एक बार फिर से समाचारों की सुर्खियों में है. कोलकाता घटना को लेकर पहले 10 दिनों तक जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से सैकड़ों मरीज परेशान हुए तो अब डॉक्टरों और रिम्स की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड्स जवानों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात हुई घटना में ट्रेनी डॉक्टरों पर होमगार्ड जवानों को पीटने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने बरियातू थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। बरियातू थाने में कुल 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है, जिसमें 10 डॉक्टर हैं और 10 होमगार्ड के जवान हैं।

बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम रिम्स कैंपस स्थित स्टेडियम के पास ट्रेनी डॉक्टरों को मनमानी करने से होम गार्ड्स के जवानों के रोकने पर रिम्स के डॉक्टरों ने होमगार्ड के महिला व पुरुष जवानों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में होमगार्ड के कई जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं। उनका रिम्स में ही इलाज कराया जा रहा है। रिम्स सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवान इस घटना के बाद से आक्रोशित हैं। वहीं घटना के बाद काफी संख्या में रिम्स के ट्रेनी डॉक्टर बरियातू थाना पहुंच गये और वहां भी हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर रात 12:00 बजे सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार वहां पहुंचे और छात्रों को समझा कर थाना से हटाया। 

क्या कहना है होमगार्ड के जवानों का

घटना को लेकर होमगार्ड के जवानों का कहना है कि रिम्स के कॉलेज, लाइब्रेरी तथा स्टेडियम के पास उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। रिम्स प्रशासन की ओर से किसी को भी स्टेडियम में नहीं जाने देने के आदेश का अनुपालन कराने की कोशिश उन्होंने की लेकिन रिम्स के छात्र मनमानी करने के लिए स्टेडियम के अंदर जाना चाह रहे थे, उन्हें रोकने पर उन लोगों ने जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कॉलेज की लाइब्रेरी में तैनात गार्ड जब मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की। 

होम गार्डस के जवानों ने रिम्स के छात्रों पर महिला गार्ड्स के साथ भी बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद काफी संख्या में महिला और पुरुष होमगार्ड ड्यूटी छोड़कर थाना में जमा हो गये। उन लोगों का कहना था कि रिम्स में हम डॉक्टरों की सुरक्षा में तैनात हैं, अगर वही लोग हमारे साथ बदतमीजी करेंगे तो हम कैसे काम करेंगे। 

लेखक के बारे में

By Nivedita Jha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More