बादल पत्रलेख का पालाबदल! कांग्रेस को राहत या जरमुंडी में मंडराया खतरा
.jpg)
रांची: चुनावी मुहाने पर खड़ी झारखंड के आसमान में मंडराते बादलों के साथ ही सियासत में भी पालाबदल का ‘फुहारा’ तैरता नजर आ रहा है. सबसे अधिक पालाबदल की खबरें इंडिया गठबंधन की ओर से तैरती नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि बोरियो विधायक और झामुमो का सदाबाहर बागी माने जाने वाले लोबिन हेम्ब्रम दिल्ली पहुंच चुके हैं, और किसी भी वक्त वह अपना हरा दुपट्टा उतार केसरिया पट्टा लपेट सकते हैं. कल तक इसी तरह की खबर पूर्व सीएम चंपाई के बारे में भी तैर रही थी, लेकिन शाम होते होते चंपाई सोरेन ने साफ कर दिया कि उनके कदम झामुमो में मजबूती के साथ खड़े हैं, और हवा में तैरती इन खबरों की कोई प्रमाणिकता नहीं है. लेकिन अपने पाला बदल की तमाम खबरों पर बादल पत्रलेख अपनी चुप्पी तोड़ने को तैयार नहीं है, इधर उनकी चुप्पी है और इधर इस बात का दावा है कि वह भी लोबिन हेम्ब्रम के साथ कदमताल करने वाले हैं.
खामोशी की चादर ओढ़े हुए हैं बादल पत्रलेख
आपको बता दें कि हेमंत पार्ट टू में अपनी विदाई के बाद बादल पत्रलेख लगातार खामोशी अख्तियार किये हुए हैं. उधर कांग्रेस ने भी एन विधान सभा चुनाव के पहले मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखलाकर इसका सकेंत तो दे ही दिया है कि इस बार वह जरमुंडी में एक नये सियासी बिसात की तैयारी में है. जिस बादल पत्रलेख को आगे कर वह 2014 और 2019 में जीत का पचरम फहराती रही है. अब वह चेहरा नागवार गुजरने लगा है. इसका कारण बादल पत्रलेख का बतौर मंत्री नन-परफोर्मर रहना तो हैं ही, संदेहास्पद सियासी प्रतिबद्धता भी है. मंत्री पद का दायित्व संभालते हुए भी जिस तरीके से अंदरखाने भाजपा के साथ गलबहिंया की कोशिश हुई. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद महागठबंधन पर जो सियासी संकट मंडराया, और उस संकट के बीच भाजपा के साथ सियासी भविष्य तलाशने की चाहत और इस चाहत में लोकसभा चुनाव के पहले केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के साथ बंद कमरे में घंटों की गुफ्तगू के बाद बादल पत्रलेख के उपर सियासी बादल मंडराने लगा था.
पालाबदल के बाद कौन होगा महागठबंधन का चेहरा?

रही सही कसर लोकसभा चुनाव में पूरा होता नजर आया, जब बादल पत्रलेख के सामने निशिकांत के सामने सियासी मोर्चा खोलने की चुनौती थी, तब वह निशिकांत को निशाना बनाने के बजाय अपने सियासी सफर में निशिकांत के आशीर्वाद के आकांक्षी नजर आये. बादल पत्रलेख की इस भूमिका के कारण सिर्फ कांग्रेस में ही असहज नहीं हुई, झामुमो के अंदर से भी सवाल खड़ा होने लगा. भले ही संताल की गैर आदिवासी सीटों पर कांग्रेस की उपस्थिति हो, लेकिन यह कांग्रेस को भी पता है कि यदि झामुमो का साथ नहीं मिला तो संताल की सामान्य सीटों पर भी कांग्रेस के सामने चुनौती खड़ी होने वाली है. दावा किया जाता है कि झामुमो के इसी दबाब के बाद बादल पत्रलेख का पर कतरने की कोशिश शुरु हुई, हालांकि बादल पत्रलेख तात्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के गुडबूक में थें, लेकिन झामुमो की ओर से उठते सवालों के बाद उनके लिए बादल पत्रलेख का बचाव करना मुश्किल था, आखिरकार कांग्रेस को बादल पत्रलेख को विदाई का रास्ता दिखलाना पड़ा. लेकिन मौजूदा हालात में बड़ा सवाल यह है कि यदि बादल पत्रलेख भाजपा की सवारी कर बैठते हैं, और जिन सियासी परिस्थितियों में बादल पत्रलेख घिरे नजर आ रहे हैं, इसकी संभावना भी बनती नजर आ रही है, उस हालत में कांग्रेस या महागठबंधन के सामने विकल्प क्या होगा? क्या बादल पत्रलेख के पालाबदल के साथ ही जरमुंडी विधानसभा से कांग्रेस का सफाया हो जायेगा या फिर कांग्रेस के पास कोई दूसरा चेहरा भी मौजूद है. या फिर जरमुंडी विधान सभा पर खुद झामुमो की नजर है. इन सवालों का जवाब तलाशने के पहले बेहद जरुरी है कि हम जरमुंडी विधानसभा की सियासत को सरसरी नजर से देख-समझ लें.
भाजपा को जरमुंडी में कमल खिलने का इंतजार

आपको बता दें कि जरमुंडी विधान सभा में बादल पत्रलेख की पहली एंट्री तब होती है जब कांग्रेस ने वर्ष 2009 में बादल पत्रलेख को अपना उम्मीदवार बनाया था, मुकाबले में बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार हरिनारायण रे थें. हरिनारायण इसके पहले 2005 में भी बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार अपना परचम फहरा चुके थें, हालांकि वर्ष 2000 में हरिनाराण रे को बसपा उम्मीदवार के रुप में भाजपा के देवेन्द्र कुंअर के हाथों पराजित होना पड़ा था, बावजूद इसके दूसरे स्थान प्राप्त करने में सफल रहे थें. लेकिन वर्ष 2009 के मुकाबले में बादल पत्रलेख को सफलता नहीं मिली और उन्हे 17,955 वोट के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, 23,025 वोट लाकर झामुमो के देवेन्द्र कुंवर दूसरे स्थान पर थें, जबकि 33,512 के मत लाकर हरिनारायण को एक बार फिर से जीत मिली थी. इसके बाद 2014 में कांग्रेस ने एक बार फिर बादल पत्रलेख को अपना उम्मीदवार बनाया और इस बार बादल पत्रलेख 43,981 वोट लाकर जीत दर्ज करने में सफल रहें. आश्चर्यजनक रुप से इस बार हरिनारायण रे झामुमो की सवार कर चुके थें, और 41,273 मत लाकर वह दूसरे स्थान पर थें, जबकि 2009 का झामुमो उम्मीदवार देवेन्द्र कुंवर इस बार बाबूलाल की पार्टी की ओर से मोर्चा संभाल कर 14,189 वोट के साथ चौथे स्थान पर थें. वर्ष 2000 में जरमुंडी में कमल खिलाने वाले देवेन्द्र कुंअर 2019 आते-आते झामुमो, कांग्रेस और झाविमो होते हुए एक बार फिर से भाजपा की सवारी कर बैठे, लेकिन बावजूद इसके कमल नहीं खिला, यानि वर्ष 2000 में बाद आज भी भाजपा को जरमुंडी में कमल खिलने का इंतजार है.
बादल पत्रलेख की विदाई,एंटी-इनकम्बेंसी की दवाई
आंकडों से साफ है कि यदि झामुमो-कांग्रेस एक साथ खड़ी रहती है तो भाजपा के लिए जरमुंडी में आज भी कमल खिलाना एक चुनौती है. वर्ष 2019 में राष्ट्रवाद की लहर और 2014 के मोदी मैजिक में भी जरमुंडी में कमल नहीं खिला, हालांकि जीत हार का अंतर जरुर कम हुआ, लेकिन इस बार आदिवासी –मूलवासी मतदाताओं के बीच हेमंत की गिरफ्तारी के बाद जो गोलबंदी देखने को मिली है, आदिवासी-मूलवासी वोटरों को जो मिजाज लोकसभा चुनाव में देखने को मिला है. उस हालत में क्या भाजपा इस बार इस अंतर को पाटने की स्थिति में आ खड़ी होगी? निश्चित रुप से दो-दो बार की जीत के बाद बादल पत्रलेख के खिलाफ एक एंटी-इनकम्बेंसी भी काम कर रहा है. खुद कांग्रेस और झामुमो कार्यकर्ताओं की ओर से भी कई शिकायतें हैं. इस हालत में यदि बादल पत्रलेख पालाबदल का खेल करते हैं, तो यह कांग्रेस के राहत या सियासी चुनौती, इसका आकलन सहर्ष किया जा सकता है. बहुत संभव है कि इसी एंटी-इनकम्बेंसी की दवाई बादल पत्रलेख की विदाई में खोजी जा रही हो. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि बादल पत्रलेख के बदले कांग्रेस-झामुमो के पास चेहरा कौन होगा? निश्चित रुप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता. लेकिन जिस तरीके से देवेन्द्र कुंअर और हरिनारायण रे का पाला बदल का इतिहास रहा है, विधान सभा चुनाव आते-आते जरमुंडी में दोनों ही ओर से पाला बदल की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
क्या कहता है सामाजिक समीकरण
यदि हम सामाजिक समीकरणों की बात करें तो जरमुंडी विधान सभा में अनुसूचित जाति की आबादी करीबन 10 फीसदी, अनुसूचित जनजाति-17 फीसदी, मुस्लिम-13 फीसदी की है. इसके साथ ही यादव पांच फीसदी, महतो 5 फीसदी, मंडल 7 फीसदी के साथही पिछड़ी जातियों की भी एक बड़ी आबादी है, बावजूद इसके अब तक कोई दलित-पिछड़ा या आदिवासी चेहरा सामने नहीं आया है. परंपरागत रुप से इस सीट पर अगड़ी जातियों का कब्जा रहा है. अब देखना होगा कि इस बार कांग्रेस किस सामाजिक समीकरण के भरोसे अपनी सियासी विसात बिछाती है. किसी पिछड़ी जाति के चेहरे को सामने कर बड़ा उलटफेर करती है या फिर झाममो की झोली में इस सीट को डाल कर एक नया प्रयोग करती है और यदि वह जरमुंडी की सीट छोड़ती है, तो उस हालत में वह किस सीट पर दांवा ठोकेगी. फिलहाल इन सारे सवालों के लिए हमें इंतजार करना होगा, लेकिन इतना तय है कि इस बार जरमुंडी में बड़ा खेल होने वाला है. बादल पत्रलेख पालाबदल करें या पार्टी के प्रति वफादार रहें, दोनों ही स्थिति में उनके सामने चुनौतियां गंभीर है.
