रांची के मांडर व बेड़ो में जल्द ही कोल्ड स्टोरेज होगा शुरू: दीपिका पाण्डेय
रांची: कृषि एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पाण्डेय ने कहा है कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में किसानों से जुड़ी समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मांडर एवं बेड़ो के सरकारी कोल्ड स्टोरेज को जल्द ही चालू करने का प्रयास किया जायेगा. गुरूवार को अपने दौरे के क्रम में दीपिका पाण्डेय सबसे पहले मांडर पहुंची, जहां कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया. इस मौके पर मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की भी थी.
इसके बाद कृषि मंत्री मांडर प्रखण्ड के बूढ़ाखोखरा में कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने पहुंची, जहां उन्होंने संवेदक से सभी तकनीकी समस्याओं की जानकारी लेने के बाद उसका जल्द ही समाधान के पश्चात निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में बिजली आदि की व्यवस्था भी जल्द कराने की भी बात कही। मांडर के बाद कृषि मंत्री ने बेड़ो का भी दौरा किया जहां उन्होंने केशा मोड़ पर निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया और वहाँ की व्यवस्था का जायजा लिया। बाद में बाजारटांड स्थित कोल्ड स्टोरेज को देखने के बाद उसे जल्द शुरू करने का निर्देश दिया.
इस मौके पर मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कृषि मंत्री से अनुरोध किया कि वह मांडर, बेड़ो, इटकी, लापुंग एवं चान्हो क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का अविलंब समाधान करने की पहल करें. विधायक ने कृषि मंत्री को बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ अन्य समस्याओं से भी यहाँ के किसानों विशेषकर महिला किसानों को जूझना पड़ रहा है और इसका खामियाजा उन्हें पारिवारिक स्तर पर उठाना पड़ रहा है. इस अवसर पर भवन निर्माण विभाग के अनेक अभियंता और अनेक वरिष्ठ सरकारी पदाधिकारी भी उपस्थित थे.
आज के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक ग्रामीण जिला अध्यक्ष शमीम अख्तर, प्रखण्ड अध्यक्ष मंगा उरांव, विधायक प्रतिनिधि जमील मल्लिक, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आबिद अंसारी, तबारक खान, शमसुल शेख, सरीता तिग्गा, तेतरी उरांव, अबुजर अंसारी, फारुक खान जबकि बेड़ो में विशेष रूप से प्रखण्ड अध्यक्ष करमा उरांव, मुदस्सिर हक, पंचू मिंज, बुधराम लोहरा, मो. शमसाद, देवनिश तिग्गा, मनकु कुजूर, अशामनी मिंज सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.
