बुढ़मू थानेदार व सब इंस्पेक्टर निलंबित, रांची SSP ने की कार्रवाई
रांची: एसएसपी रांची ने बुढ़मू थानेदार राम जी और थाने के एक सब इंस्पेक्टर संतोष यादव को निलंबित कर दिया है. एसएसपी ने यह कार्रवाई बुढ़मू में हुई आगजनी की घटना के बाद की है. जिसके बाद रितेश महतो को बुढ़मू थाना प्रभारी बनाया गया. बता दें कि मंगलवार की रात बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर बालू घाट पर अवैध बालू खनन और उठाव की कमाई पर रंगदारी नहीं मिलने से नाराज बदमाशों ने जेसीबी समेत पांच वाहनों में आग लगा दी.
जानकारी के अनुसार देर रात दर्जनों वाहन छापर घाट पर बालू की अवैध निकासी कर उसे ट्रकों और हाइवा में भर रहे थे. इसी दौरान आधा दर्जन बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और उन्हें भगा दिया. सभी को भगाने के बाद बदमाशों ने मौके पर मौजूद जेसीबी, हाइवा और तीन टर्बो को आग के हवाले कर दिया. इस घटना के बाद एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुढ़मू थाना प्रभारी रामजी कुमार और थाने के एक सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया.
