चतरा में सीआरपीएफ जवान ने व रांची में ठेकेदार ने गोली मार कर की खुदकुशी

रांची: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला ओपी में तैनात एक सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. घटना गुरुवार देर रात की है. मृतक की पहचान यूपी निवासी आशीष कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह रांची से करीब 150 किलोमीटर दूर चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला ओपी में तैनात था. मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया गया है. सिमरिया थाना प्रभारी मयंक कुमार ने इसकी पुष्टि की है.
वहीं, आत्महत्या की एक और घटना में एक शख्स ने खुद को गोली मार ली है. मामला राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के अनुसार, हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. मृतक ठेकेदार का नाम सत्यजीत सरकार है. वह हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के इमली चौक स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहा था. बताया गया कि गोली की आवाज सुनने के बाद सत्यजीत सरकार के पड़ोसियों ने उनकी पत्नी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी.
परिजन जब फ्लैट के बाहर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस की टीम कालीचरण अपार्टमेंट के ‘बी’ ब्लॉक के कमरा नंबर-102 का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो सोफे पर सत्यजीत सरकार का शव मिला. उसके हाथ में पिस्तौल थी. फिलहाल, आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना के वक्त पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे. फिलहाल, अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
