भाजपा की जनआक्रोश रैली से डरी हुई है हेमंत सरकार: शिवराज सिंह चौहान

रांची: झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राजधानी रांची से सत्ताधारी हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोरेन सरकार भाजपा की जन आक्रोश रैली से डरी हुई है। केंद्रीय कृषि मंत्री रांची के मोराबादी मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की जनआक्रोश रैली में भाग लेने के लिए गुरुवार देर शाम रांची पहुंचे। प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार को घेरा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, सोरेन सरकार भाजपा की जन आक्रोश रैली से डर चुकी है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोका जा रहा है। यह अन्याय की अति है, जुल्म की पराकाष्ठा है। एक डरा हुआ मुख्यमंत्री ही ऐसा कर सकता है। हेमंत सोरेन से न झारखंड संभल रहा है, न पार्टी संभल रही है। शिवराज ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सोरेन सरकार के गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। हम और हमारे कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। झारखंड की जनता को अहिंसात्मक तरीके से न्याय दिलाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार आंदोलन को कुचल नहीं सकती है।

केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, “हेमंत सोरेन के इशारे पर जो लोग ऐसा कर रहे हैं अगर उन लोगों ने अलोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को रोकने की कोशिश की तो अधिकारियों को समझना होगा कि यह दो महीने की सरकार है। हम लोग लोकतंत्र का पालन करने वाले लोग हैं, हमें तो इंदिरा (गांधी) नहीं रोक पाईं तो हेमंत क्या रोकेंगे।” शिवराज ने आरोप लगाया कि डीजीपी और एसपी को भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का आदेश दिया जा रहा है। चुनावी राज्य झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा युवा जन आक्रोश रैली निकाल रही है। राज्य में इसी साल चुनाव होने हैं, हालांकि अभी चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More