“युवा आक्रोश रैली” रोकने के लिए कंटीले तार की बाड़ेबंदी, हेमंत सरकार की विदाई तय: बाबूलाल मरांडी

रांची: विधानसभा चुनाव के पहले राजधानी रांची में रैलियों और विरोध मार्च की राजनीति तेज होती दिख रही है. आज जहां राजधानी के मोरहाबादी मैदान में भाजपा की ओर से युवा आक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा है, वहीं झामुमो की ओर से अधिकार मार्च निकालने जाने की तैयारी है और इस सबके बीच भाजपा और झामुमो के बीच जुबानी जंग भी तेज हो चुकी है.

मोरहाबादी मैदान में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन 

युवा आक्रोश रैली में शामिल होने राजधानी रांची पहुंचे केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि हेमंत सोरेन की सरकार युवा आक्रोश रैली से पूरी तरह से हिल चुकी है. युवाओं को इस रैली में आने से रोकने लिए प्रशासन अपना पूरा जोर लगा रहा है. हर कदम पर उनको रोकने की कोशिश की जा रही है, राजधानी रांची में पहली बार युवाओं को रोकने के लिए कंटीले तार का इस्तेमाल किया जा रहा है. हेमंत सोरेन से ना तो झारखंड की सत्ता संभल रही है और ना ही पार्टी. अधिकारियों को चेतावनी देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह भूलना नहीं चाहिए कि यह दो महीने की सरकार है. दो महीने में इस सरकार की  विदाई होने वाली है. 

कंटीले तार की बाड़ेबंदी: हेमंत सरकार की विदाई तय



उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कंटीले तारों की बाड़ेबंदी को हेमंत सरकार की विदाई बताते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि “आज तक कहीं भी कंटीले तार सिर्फ 2 जगह इस्तेमाल हुए हैं। देश की सीमा पर और दूसरा वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए.ये पहली बार है कि बेरोजगार युवाओं को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए हैं। ऐसा ना तो पहले किसी ने देखा है, ना किसी ने सुना है।सरकार में बैठे लोग अपनी सुरक्षा कंटीले तारों से कर रहे हैं। ये अमानवीय, शर्मनाक और निंदनीय है।राज्य के सारे थानों को परसों से ही निर्देश दिए जा रहे हैं कि छात्रों को रोकना है, उन्हें रांची नहीं आने देना है। बेरोजगार युवा और छात्र कोई गोला बारूद लेकर नहीं आ रहे। वो सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करने आ रहे हैं। ऐसे अमानवीय साधनों का इस्तेमाल करना, छात्रों को आने से रोकना, पुलिस शक्ति का दुरुपयोग कर ऐसा तुगलकी फरमान जारी करना… ये भी पहले नहीं सुना गया है। हेमंत जी, आने वाले चुनाव में यही युवा आपको आपके सिंहासन से उखाड़ फेंकेंगे।“

युवाओं के भविष्य को अंधेरे में डुबोने वाले कर रहे आक्रोश रैली



इस बीच भाजपा नेताओं की चेतावनी और हुंकार पर तंज कसते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि भाजपा से अपनी पार्टी तो संभल नहीं रही है, दूसरे राज्यों से नेताओं को बुलाकर मोर्चे पर लगाया जा रहा है. महागठबंधन की सरकार राज्य की जनता के ताकत और आशीर्वाद पर टीकी हुई है. सरकार की प्राथमिकता गांव और देहात है. हमारी सरकार राजधानी रांची से चलने वाली सरकार नहीं है, यह गांव देहात आदिवासी-मूलवासियों की सरकार है. युवाओं का भविष्य अंधेरे में डुबोने वाली भाजपा आज युवा जन आक्रोश रैली निकाल रही है. इसी भाजपा की कॉरपोरेट परस्त नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य अंधेरे में डूबा हुआ है. पूरे देश को गर्त में डुबोने वाली भाजपा आज युवा जन आक्रोश की बात कर रही है. सर्वाधिक नियुक्ति रेलवे, बैंक, फोर्स,कोल इंडिया में होती थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे बंद कर दिया और रोजगार की जिम्मेवारी राज्य सरकारों पर डाल दी गयी. लेकिन हमने हार नहीं मानी. हर दिन नियुक्तियां दे रहे हैं. अभी सिपाही की बहाली होनी है. आगे और भी नियुक्तियां सामने आयेगी.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More