युवा आक्रोश रैली! झामुमो का दावा सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश

रांची: एक तरफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हेमंत सरकार के उपर प्रशासनिक मिशनरी को आगे कर युवा आक्रोश रैली को विफल करने की साजिश करने का आरोप लगा रहे हैं, कई जिलों में रैली में शामिल होने के लिए निकले काफिले का रोके जाने का आरोप लगा रहा है, वहीं अब झामुमो ने पलटवार करते हुए इस बात का दावा किया है कि आक्रोश रैली में शामिल होने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा प्रशासन को निशाना बनाया जा रहा है, उनके साथ मारपीट की कोशिश की जा रही है, इस आशय का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर डालते हुए झामुमो की ओर से एक तस्वीर भी साक्षा की गई है, जिसमें एक पुलिस कर्मी के उपर पीछे से चप्प्ल फेंक कर मारे जाने की तस्वीर है, तस्वीर में साफ है किसी ने उस पुलिस कर्मी  को पीछे से चप्पल फेंक कर मारने की कोशिश की है. इसके साथ ही एक वीडियो भी डाला गया है, जिसमें सड़क किनारा खड़ा एक पुलिस कर्मी के साथ भाजपा कार्यकर्ता उलझते नजर आ रहे हैं. झामुमो ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा है कि “देखिए लूटस छाप भाजपा की कायरता, कैसे पीछे से सुरक्षाकर्मी को पीटा जा रहा है, पर झारखंड पुलिस पूरी संयमता से इन तानाशाहों को सम्भाल रही है”

बाबूलाल मरांडी का दावा सामने आया युवाओं का आक्रोश



दूसरी ओर पूर्व सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राजधानी रांची में आयोजित युवा आक्रोश रैली में जन सैलाब उमड़ने का दावा किया है. युवा आक्रोश रैली की सफलता का दावा करते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखा है ये तो बस अंगड़ाई है,आगे और लड़ाई है, युवा विरोधी हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर रांची के मोराबादी मैदान में उमड़ा जनसमुद्र. इस बीच बाबूलाल मरांडी ने प्रशासन के उपर हेमंत सरकार के दवाब में आकर रैली में शामिल होने वाहनों को जांच के नाम पर रोकने का भी आरोप लगाया है. उनका दावा है कि विभिन्न जिलों रैली में काफिले को जांच के नाम पर रोकने  की कोशिश की साजिश की जा रही  है. डाल्टनगंज, चंदवा, कुडू, लातेहार में काफिले को जांच के नाम पर रोका गया. 

मोरहावादी मैदान में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन 

युवा आक्रोश मार्च में शामिल होने राजधानी रांची पहुंचे केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि हेमंत सोरेन की सरकार युवा आक्रोश रैली से पूरी तरह से हिल चुकी है. युवाओं को इस रैली में आने से रोकने लिए प्रशासन अपना पूरा जोर लगा रहा है. हर कदम पर उनको रोकने की कोशिश की जा रही है, राजधानी रांची में पहली बार युवाओं को रोकने के लिए कंटीले तार का इस्तेमाल किया जा रहा है. हेमंत सोरेन से ना तो झारखंड की सत्ता संभल रही है और ना ही पार्टी. अधिकारियों को चेतावनी देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह भूलना नहीं चाहिए कि यह दो महीने की सरकार है. दो महीने में इस सरकार की  विदाई होने वाली है. 

कंटीले तारों की बाड़ेबंदी : हेमंत सरकार की विदाई तय

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल ने कंटीले तारों की बाड़ेबंदी को हेमंत सरकरा की विदाई बताते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि “आज तक कहीं भी कंटीले तार सिर्फ 2 जगह इस्तेमाल हुए हैं। देश की सीमा पर और दूसरा वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए.ये पहली बार है कि बेरोजगार युवाओं को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए हैं। ऐसा ना तो पहले किसी ने देखा है, ना किसी ने सुना है।सरकार में बैठे लोग अपनी सुरक्षा कंटीले तारों से कर रहे हैं। ये अमानवीय, शर्मनाक और निंदनीय है।राज्य के सारे थानों को परसों से ही निर्देश दिए जा रहे हैं कि छात्रों को रोकना है, उन्हें रांची नहीं आने देना है।बेरोजगार युवा और छात्र कोई गोला बारूद लेकर नहीं आ रहे। वो सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करने आ रहे हैं।ऐसे अमानवीय साधनों का इस्तेमाल करना, छात्रों को आने से रोकना, पुलिस शक्ति का दुरुपयोग कर ऐसा तुगलकी फरमान जारी करना… ये भी पहले नहीं सुना गया है।हेमंत जी, आने वाले चुनाव में यही युवा आपको आपके सिंहासन से उखाड़ फेंकेंगे।“

युवाओं का भविष्य अंधेरे में डूबाने वाले निकाल रहे आक्रोश मार्च



इस बीच भाजपा नेताओं की चेतावनी और हुंकार पर तंज कसते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि भाजपा से अपनी पार्टी तो संभल नहीं रही है, दूसरे राज्यों से नेताओं को बुलाकर मोर्चे पर लगाया जा रहा है. महागठबंधन की सरकार राज्य की जनता के ताकत और आशीर्वाद पर टीकी हुई है. हमारी सरकार की प्राथमिकता गांव और देहात है. हमारी सरकार राजधानी  रांची से चलने वाली सरकार नहीं है, यह गांव देहात आदिवासी-मूलवासियों की सरकार है. विपक्ष युवा आक्रोश रैली निकालने वाला है. युवाओं का भविष्य इसी भाजपा ने बर्बाद किया है. भाजपा की कॉरपोरेट नीतियों के कारण ही युवाओं का भविष्य अंधेरे में डूबा है. पूरे देश को गर्त में डूबाने वाली भाजपा आज युवा आक्रोश की बात कर रही है. सर्वाधिक नियुक्ति रेलवे, बैंक, फोर्स,कोल इंडिया में होती है, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे बंद कर दिया और रोजगार की जिम्मेवारी राज्य सरकारों पर डाल दी गयी. लेकिन हमने हार नहीं मानी. हर दिन नियुक्तियां दे रहे हैं. अभी सिपाही की बहाली होनी है. आगे और भी नियुक्तियां सामने आयेगी.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More