भाजपा के युवा आक्रोश रैली के जबाब में झामुमो का झारखण्डी अधिकार मार्च, केंद्र को देना होगा झारखंडियों को अधिकार

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी झामुमो ने शुक्रवार 23 अगस्त को झारखण्डी अधिकार मार्च का आह्वान किया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने प्रेस रिलीज जारी कर यह जानकारी दी। जारी रिलीज के अनुसार यह महज मार्च नहीं, बल्कि झारखंडी हित को नुकसान पहुँचाने वालों के लिए चेतवानी है। हर झारखण्डी जाग चुका है, जिसका परिणाम है झारखण्डी अधिकार मार्च।

भाजपा पर आरोप लगाते हुए झामुमो का कहना है कि राज्य गठन के बाद 20 वर्ष तक भाजपा झारखण्ड की सत्ता का भोग करती रही। 2019 में जब झारखण्डी जनता ने भाजपा से सत्ता छीन कर एक युवा आदिवासी नेता हेमन्त सोरेन को सत्ता सौंपी तो भाजपा के लोग बौखला गए कि आखिर कैसे एक आदिवासी नेता सत्ता संभाल सकता है। यहीं से भाजपा ने द्वेष की राजनीति शुरु की। पहले तो सरकार गठन के बाद ये सरकार गिराने की जुगत में लगे रहे। लेकिन जब इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली तो राज्य के मुख्यमंत्री को झूठे आरोप में जेल में डाल दिया। क्योंकि केंद्र में इनका शासन था और ED/CBI जैसी संस्थाएं इनके इशारे पर कार्य करतीं थीं। लेकिन सच की हमेशा जीत होती है। जननेता माननीय न्यायालय से बेदाग घोषित हुए।

महागठबंधन सरकार झारखंडी हितों की संरक्षक

जारी रिलीज में झामुमो ने दावा किया कि राज्य की जनता भी भाजपा के द्वेष की राजनीति को समझ गई है। वह जान गई है कि झारखण्ड में कार्यरत महागठबंधन की सरकार ही सही मायने में झारखण्डी हितों की संरक्षक है। विगत वर्षों में हुए उपचुनाव में जनता ने भाजपा को सबक सिखाने का काम किया। यहां के लोगों को उनके अधिकार देने के लिए संकल्पित महागठबंधन की सरकार ने हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्डी हित में कई निर्णय लिए हैं।

जबकि 20 वर्ष तक शासन करने वाली भाजपा की सरकार सरना आदिवासी धर्मकोड, 1932 आधारित स्थानीय नीति, पिछड़ो को 27 प्रतिशत आरक्षण, नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज की अधिसूचना रद्द करने, वृद्धों को पेंशन देने, आदिवासी-मूलवासी को पहचान और हक अधिकार देने के नाम पर झारखंडियों से छल करती रही। आज जब एक आदिवासी जननेता हेमन्त सोरेन जनहित के कार्यों की बदौलत भारी पड़ गया तो भाजपा को पीड़ा हो रही है।

हेमन्त सोरेन के प्रति इनके द्वेष को जने जन तक पहुंचाने और भाजपा को उनका चाल और चरित्र बताने हेतु राज्य की जनता झारखण्डी अधिकार मार्च के जरिए पूरे राज्य में अपने-अपने जिला मुख्यालय में एकजुट हो रही है। ताकि भाजपा का झारखंडियो के प्रति षड्यंत्र को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More