कोडरमा: होटल में राजगीर के व्यक्ति की संदिग्ध स्थिति में मौत
कोडरमा: कोडरमा थाना अंतर्गत बजरंगबली चौक के समीप स्थित होटल द राज के कमरा संख्या 208 से कोडरमा पुलिस ने बुधवार को संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार बिहार के राजगीर अशोक नगर निवासी चंदन कुमार (उम्र 35 वर्ष, पिता अजय कुमार) मंगलवार की रात उक्त होटल पहुंचे थे. वहां खाना खाने के बाद रात्रि विश्राम के लिए चंदन कुमार ने कमरा बुक किया था. सुबह जब चंदन के द्वारा कमरा नहीं खोला गया तो पुलिस की उपस्थिति में कमरा को खोलकर अंदर चेक करने पर चंदन कुमार बेड पर मृत पाए गए.
वहीं घटना की सूचना के बाद राजगीर से मृतक के परिजन भी कोडरमा पहुंचे. फिलहाल कोडरमा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने दल बल के साथ पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है. इस दौरान कोडरमा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि राज होटल में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यक्ति के मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा.
